आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में फिट और स्वस्थ रहना हर किसी की जरूरत बन गया है. लंबे समय तक बैठकर काम करना, अनियमित खानपान और तनाव भरी जीवनशैली के कारण लोगों में मोटापा, गैस, कब्ज और थकान जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं. ऐसे में योग एक नेचुरल और प्रभावी तरीका माना जाता है, जो शरीर और मन दोनों को स्वस्थ रखने में मदद करता है.
योग में कई ऐसे आसन हैं, जो अलग-अलग स्वास्थ्य समस्याओं के लिए फायदेमंद माने जाते हैं. इन्हीं में से एक है उत्तानपादासन. ये एक सरल लेकिन प्रभावशाली योगासन है, जिसे नियमित रूप से करने पर पेट की मांसपेशियां मजबूत हो सकती हैं और शरीर में ऊर्जा का स्तर बेहतर हो सकता है. आइए जानते हैं कि उत्तानपादासन क्या है और इससे शरीर को कौन-कौन से लाभ मिल सकते हैं.
क्या है उत्तानपादासन?
उत्तानपादासन हठयोग का एक महत्वपूर्ण आसन है. संस्कृत में ‘उत्तान’ का अर्थ होता है ऊपर उठा हुआ और ‘पाद’ का मतलब पैर होता है. इस आसन में व्यक्ति पीठ के बल लेटकर अपने दोनों पैरों को जमीन से ऊपर उठाता है. यह अभ्यास शरीर के संतुलन और पेट के निचले हिस्से पर विशेष प्रभाव डालता है.
उत्तानपादासन के फायदे
- उत्तानपादासन का असर मुख्य रूप से पेट और नाभि के आसपास के हिस्से पर पड़ता है. नियमित अभ्यास से पाचन क्रिया बेहतर हो सकती है. यह गैस, कब्ज और एसिडिटी जैसी समस्याओं से राहत दिलाने में सहायक माना जाता है.
- ये योगासन पेट की मांसपेशियों पर काम करता है, जिससे उन्हें मजबूती मिलती है. साथ ही यह पेट के आसपास जमा अतिरिक्त चर्बी को कम करने में भी मददगार माना जाता है. यही वजह है कि वजन कम करने की कोशिश कर रहे लोग इसे अपनी दिनचर्या में शामिल करते हैं.
- उत्तानपादासन केवल पेट तक सीमित नहीं है. यह जांघों और रीढ़ की हड्डी से जुड़ी मांसपेशियों को भी मजबूत बनाने में मदद करता है. नियमित अभ्यास से शरीर में लचीलापन और संतुलन बेहतर हो सकता है.
- इस आसन को करते समय सांसों पर ध्यान केंद्रित किया जाता है, जिससे मन शांत रहता है. यह तनाव, चिंता और मानसिक थकान को कम करने में मदद कर सकता है. कई लोगों को इसके अभ्यास के बाद अधिक ऊर्जा और सकारात्मकता महसूस होती है.
किन लोगों को नहीं करना चाहिए?
गर्भवती महिलाओं को यह आसन नहीं करना चाहिए. इसके अलावा जिन लोगों को कमर, पीठ या पेट में गंभीर दर्द, चोट या कोई स्वास्थ्य समस्या है, उन्हें डॉक्टर या योग विशेषज्ञ की सलाह के बिना इसका अभ्यास नहीं करना चाहिए.



















