नई दिल्ली। चुनाव आयोग के खिलाफ विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के प्रदर्शन के आह्वान के बाद शुक्रवार को दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने पहुंचे दिल्ली आप अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। सौरभ भारद्वाज ने जंतर-मंतर पहुंचने के बाद कहा कि वे बिना कार के यहां पहुंचे हैं और लोग भी यहां पहुंच सकते हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि दोपहर तक बड़ी संख्या में जेन-जी, महिलाएं और युवा जंतर-मंतर पहुंचकर चुनाव आयोग के खिलाफ अपनी आवाज उठाएंगे।
उन्होंने कहा कि प्रदर्शन करना उनका अधिकार है। भारद्वाज के अनुसार पुलिस की ओर से बताया जा रहा है कि प्रदर्शन के लिए अनुमति नहीं दी गई है, जबकि आम आदमी पार्टी ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए छह दिन पहले ही आधिकारिक अनुमति मांगी थी।
जनपथ इलाके में सुरक्षा बढ़ाई
प्रदर्शन के आह्वान को देखते हुए दिल्ली के जनपथ और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं के साथ राजनीतिक नेताओं और नागरिक समाज से जुड़े लोगों के शामिल होने की संभावना है। प्रदर्शन का मुद्दा जारी विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया और मुख्य चुनाव आयुक्त से जवाबदेही की मांग से जुड़ा है। दिल्ली पुलिस के अनुसार जंतर-मंतर और आसपास के क्षेत्र को आठ से नौ सुरक्षा क्षेत्रों में बांटा गया है। प्रत्येक क्षेत्र में एक वरिष्ठ भारतीय पुलिस सेवा अधिकारी को तैनात किया गया है।
कई मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश-निकास द्वार बंद
सुरक्षा व्यवस्था के तहत आसपास के कई मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार अगले आदेश तक बंद कर दिए गए हैं। इनमें जनपथ, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय, राजीव चौक, सेवा तीर्थ, मंडी हाउस और लोक कल्याण मार्ग मेट्रो स्टेशन शामिल हैं। पुलिस की ओर से प्रदर्शन स्थल और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। जंतर-मंतर की ओर आने-जाने वाले मार्गों पर भी निगरानी बढ़ाई गई है।



















