पंजाब : पंजाब कांग्रेस में बड़ा बदलाव किए जाने की सूचना सामने आई है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस हाईकमान ने जालंधर कैंट से विधायक व पूर्व शिक्षा मंत्री परगट सिंह को पंजाब कांग्रेस का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। इससे पहले अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग इस पद की जिम्मेदारी संभाल रहे थे, जिन्होंने हाल ही में अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।

पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर पिछले कुछ समय से चर्चाएं चल रही थीं कि कांग्रेस हाईकमान पंजाब संगठन में बड़ा बदलाव कर सकता है और परगट सिंह को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी जा सकती है। अब हाईकमान ने परगट सिंह के नाम पर मुहर लगा दी है।

 नया अध्यक्ष नियुक्त किए जाने के बाद परगट सिंह ने पार्टी की आगे की रणनीति और पंजाब के राजनीतिक माहौल को लेकर बड़ा बयान दिया। परगट सिंह ने कहा कि पंजाब गुरुओं के नाम और उनकी शिक्षाओं से फलता-फूलता है। पंजाबियों ने हमेशा नफरत और विभाजन की राजनीति को हराया है और आगे भी इसे स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि पंजाबियों ने हमेशा नफरत की राजनीति को पराजित किया है। वे कभी ऐसे लोगों को स्वीकार नहीं करते, जो नफरत की राजनीति करते हैं। पंजाब के लोगों को अपने राज्य के लिए खड़ा होना होगा।

पंजाब सरकार पर साधा निशाना

उन्होंने पंजाब सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि सरकार भी इसी तरह की राजनीति कर रही है। उन्होंने सरकारी कोठियों और पंजाब के खजाने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इनका इस्तेमाल भी इसी तरीके से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों को पंजाब के हितों के लिए एकजुट होकर खड़ा होना चाहिए।

हाईकमान का जताया आभार

नई जिम्मेदारी मिलने पर परगट सिंह ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल और सोनिया गांधी को धन्यवाद दिया।

उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग शांतिप्रिय हैं। पंजाब के इतिहास में विभाजन की राजनीति का दौर रहा है, लेकिन यहां की जनता ने हमेशा ऐसी राजनीति को हराया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब पंजाब के लिए सकारात्मक और सार्थक राजनीति के साथ आगे बढ़ेगी और उन मुद्दों को एजेंडा बनाएगी, जो वास्तव में राज्य के लिए महत्वपूर्ण हैं।

बोले- मेरी टीम में बड़े खिलाड़ी, मिलकर लेंगे फैसले

पार्टी संगठन को लेकर परगट सिंह ने कहा कि उनकी टीम में कई अच्छे और अनुभवी नेता हैं। उन्होंने कहा कि सभी महत्वपूर्ण फैसले मिलकर और सर्वसम्मति से लिए जाएंगे। आने वाले दिनों में एक सौहार्दपूर्ण टीम के रूप में काम किया जाएगा। पूर्व पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को लेकर उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में अच्छा काम किया है और वे भी कांग्रेस की टीम का हिस्सा हैं। परगट सिंह ने कहा कि वह पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं का सम्मान करते हैं, क्योंकि उनका मुख्य मुद्दा पंजाब है।

महिला हॉकी टीम की जीत को बताया खास तोहफा

परगट सिंह ने महिला हॉकी टीम की जीत का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उनके लिए इससे बेहतर तोहफा कुछ नहीं हो सकता था। उन्होंने कहा कि महिला हॉकी टीम की जीत ने उन्हें बेहद खुशी दी और यह उनके लिए खास मौका है।

परगट सिंह ने दोहराया कि पंजाब के लोग शांति पसंद करते हैं और कांग्रेस राज्य में ऐसी राजनीति करेगी, जो सकारात्मक हो तथा पंजाब के वास्तविक मुद्दों और विकास के एजेंडे पर केंद्रित हो।

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031