फरीदाबाद (अनिल राठी): फरीदाबाद के नहर पार क्षेत्र के सेक्टर-86 में एक दर्दनाक हादसे में पानी का टैंकर लेकर जा रहे ट्रैक्टर ने एक साल के मासूम बच्चे को कुचल दिया। हादसे में बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान राहुल के रूप में हुई है। वह अपने परिवार का इकलौता बेटा था।
दुखद बात यह है कि 12 अक्टूबर को उसका पहला जन्मदिन था, लेकिन जन्मदिन से एक दिन पहले ही परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। बच्चे का परिवार मूल रूप से मध्य प्रदेश का रहने वाला है और फरीदाबाद में मजदूरी कर गुजर-बसर करता है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच जारी है।
सड़क किनारे खेल रहा था मासूम
बच्चे के पिता जितेंद्र ने बताया कि शाम के समय उनका बेटा राहुल सड़क के किनारे बैठकर खेल रहा था। उस समय परिवार के सदस्य कमरे के अंदर बैठे हुए थे। कुछ देर बाद बाहर से बच्चों के शोर की आवाज सुनाई दी। जब वह बाहर पहुंचे तो देखा कि उनका बेटा ट्रैक्टर की चपेट में आ गया था। बताया जा रहा है कि पानी का टैंकर लेकर जा रहा ट्रैक्टर पीछे हटाते समय मासूम के सिर के ऊपर चढ़ गया। हादसा इतना गंभीर था कि बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।
जन्मदिन से एक दिन पहले उजड़ गईं खुशियां
परिवार के मुताबिक, 12 अक्टूबर को राहुल का पहला जन्मदिन था। वह एक साल का होने के बाद जिंदगी के दूसरे साल में प्रवेश करने वाला था। परिवार अपने इकलौते बेटे के जन्मदिन को लेकर खुश था, लेकिन हादसे ने उनकी खुशियां छीन लीं। मध्य प्रदेश का रहने वाला परिवार फरीदाबाद में मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। मासूम की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने ट्रैक्टर चालक को पकड़ा
खेड़ी थाना पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक को पकड़ लिया गया है। पुलिस ने बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों के हवाले कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



















