उत्तर प्रदेश स्थित प्रयागराज के कसारी मसारी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इलाके का नाम बदलकर कृष्णपुरी करने की घोषणा की. इससे पहले पूर्व कैबिनेट मंत्री और शहर पश्चिमी से विधायक सिद्धार्थनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री से कसारी मसारी का नाम भगवान श्रीकृष्ण के नाम पर रखने की अपील की थी. उन्होंने कहा कि कसारी मसारी नाम से ऐसा लगता है कि यह कसाइयों का इलाका है. सिद्धार्थनाथ सिंह ने कहा कि इस क्षेत्र में नंद सेक्टर, गोवर्धन सेक्टर और यमुना कुंज जैसी कॉलोनियां हैं. उन्होंने मुख्यमंत्री से इस क्षेत्र का नाम बदलने का आग्रह किया.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कसारी मसारी में पद्मलोक आवास योजना के तहत आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यह भगवान अक्षयवट और महर्षि भारद्वाज की पावन धरती है, जो पीढ़ी दर पीढ़ी आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है. उन्होंने भगवान श्रीरामचंद्र के जयकारे और हर हर महादेव के उद्घोष के साथ अपने संबोधन की शुरुआत की. सीएम योगी ने कहा कि उन्हें प्रसन्नता है कि सरकार का संकल्प माफिया से मुक्ति दिलाने का था और अब कसारी मसारी में माफिया से मुक्त कराई गई जमीन पर गरीबों के लिए आवास बनाए जा रहे हैं.

सीएम योगी ने कहा कि एक समय था जब माफिया अतीक अहमद और अशरफ के सामने सरकार घुटने टेकती थी. उन्होंने कहा कि असुरक्षित वातावरण में रोजगार नहीं मिल सकता. 2017 में सरकार बनने के बाद तय किया गया कि उत्तर प्रदेश में कानून का राज स्थापित होगा. इसी क्रम में अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई, ताकि उत्तर प्रदेश को माफिया मुक्त प्रदेश बनाया जा सके. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रयागराज में राजू पाल को गोली मार दी गई थी और उस समय की सरकार गिड़गिड़ाती थी.

मुख्यमंत्री ने कहा कि कसारी मसारी में माफिया अतीक अहमद के गुंडों ने करीब ढाई हेक्टेयर यानी 15 बीघा जमीन पर कब्जा कर लिया था. इस जमीन पर अस्तबल बनाया गया था और यह अय्याशी का केंद्र था. अब इस जमीन को कब्जे से मुक्त कराकर गरीबों के लिए आवास बनाए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि यहां 602 नए आवास बनाने की योजना है. मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी आती है तो माफिया लाती है, जबकि बीजेपी आती है तो विकास और बदलाव लाती है.

कसारी मसारी में टाउनशिप विकसित होगी- सीएम योगी

सीएम योगी ने कहा कि कसारी मसारी में टाउनशिप विकसित होगी, बाजार बनेगा और जिम जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी. प्रयागराज विकास प्राधिकरण इस परियोजना को पूरा करेगा. उन्होंने कहा कि अब प्रयागराज में कोई माफिया सिर उठाने की कोशिश नहीं करेगा. अगर कोई ऐसा करेगा तो उसे मिट्टी में मिलने के लिए तैयार रहना होगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश का नाम सुनकर जो लोग दूर भागते थे, आज वही लोग प्रदेश के लोगों से गले मिलते हैं. यह बदलाव कानून व्यवस्था में सुधार का परिणाम है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले इस पूरे क्षेत्र में कोई घुसने का साहस नहीं कर पाता था, लेकिन अब यहां 14 मीटर चौड़ी सड़क है. अब कोई गुंडा या माफिया लोगों को धमका नहीं सकता. अगर कोई गुंडागर्दी करेगा तो उसके परिवार की संपत्ति जब्त कर गरीबों को आवास देने का काम किया जाएगा. उन्होंने कहा कि प्रयागराज में राजेंद्र प्रसाद राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय भी बनाया जा रहा है.

सीएम योगी ने पद्मलोक आवास योजना का जिक्र करते हुए कहा कि शारदीय नवरात्र में पंचमी तिथि को मां दुर्गा के स्कंदमाता स्वरूप की स्तुति की जाती है. आज इस आवासीय योजना को आगे बढ़ाने का काम हो रहा है. उन्होंने कहा कि प्रयागराज अब बदल चुका है और नए स्वरूप में सामने आ रहा है. मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि कसारी मसारी क्षेत्र में विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा.

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031