Hamirpur News : हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक दिल-दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां पर किराए के कमरे में रह रहे एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। वहीं, सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक, मामला जिले के नादौन थाना क्षेत्र के तहत आते फस्टे गांव का है। मृतक की पहचान दिग्विजय उर्फ गांगुली (पुत्र रामवृक्ष), निवासी उमरिया, संत कबीर नगर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। दिग्विजय फस्टे गांव में स्थानीय निवासी अशोक कुमार के मकान में किराए पर रह रहा था। बताया जा रहा है कि कुछ लोग किसी बात को लेकर लड़ाई-झगड़ा कर रहे थे। इसी दौरान दिग्विजय की हत्या कर दी गई।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



















