आरा(भोजपुर)। भोजपुर जिले में शनिवार को सोन नदी में नहाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। संदेश थाना क्षेत्र के तीर्थकौल गांव के समीप नदी में नहा रहे तीन बच्चे डूबकर लापता हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई और घाट पर लोगों की भीड़ जुट गई।
लापता बच्चों की उम्र 10 से 15 वर्ष के बीच बताई जा रही है। हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग उनकी तलाश में जुट गए। नदी में बच्चों के लापता होने से गांव में चिंता का माहौल है।
बच्चों को बचाने नदी में कूदा युवक भी लापता
बच्चों को डूबता देखकर करीब 25 वर्षीय एक युवक उन्हें बचाने के लिए नदी में कूद पड़ा। हालांकि, वह भी पानी में डूबकर लापता हो गया। इस तरह हादसे में कुल चार लोगों के लापता होने की सूचना है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से नदी में तलाश शुरू की गई। स्थानीय गोताखोरों को भी खोजबीन में लगाया गया है। हादसे की गंभीरता को देखते हुए राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) को भी सूचना दी गई है।
प्रशासन की निगरानी में राहत और बचाव कार्य
घटना की सूचना मिलने के बाद संदेश प्रखंड के बीडीओ बिनेश कुमार और थानाध्यक्ष संजीव कुमार सोन नदी घाट पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों की निगरानी में राहत एवं बचाव कार्य चलाया जा रहा है।
फिलहाल लापता बच्चों और युवक की तलाश जारी है। घटना को लेकर प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।



















