नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग का आज जन्मदिन है। अपनी तूफानी बल्लेबाजी के लिए मशहूर सहवाग दुनिया के महान टेस्ट ओपनरों में गिने जाते हैं। उनके जन्मदिन के मौके पर युवराज सिंह ने ऐसा पोस्ट किया है जिसने सभी को हंसने पर मजबूर कर दिया।

सहवाग और युवराज लंबे समय तक टीम इंडिया में एक साथ खेले। दोनों टी20 वर्ल्ड कप-2007 और वनडे वर्ल्ड कप-2011 की ऐतिहासिक जीतों का हिस्सा रहे। दोनों की दोस्ती काफी गहरी है और दोनों ही अपने मस्ती भरे अंदाज के लिए जाने जाते हैं।

बातों ने मचाया तूफान

सहवाग अपनी तूफानी बैटिंग के लिए तो जाने जाते थे, लेकिन साथ ही अपनी हाजिर जवाबी के लिए भी उनका नाम मशहूर था। क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद वह कमेंट्री कर रहे हैं और यहां भी अपनी बातों से हर किसी को हंसाते रहते हैं। इसी को लेकर युवराज सिंह ने उनको बधाई संदेश दिया है।

युवराज ने सहवाग को बधाई देते हुए इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया, “पहले इनकी बैटिंग से बॉलर्स थे परेशान और अब इनकी बातें मचा देती हैं तूफान। इस नवाब का जवाब नहीं। जन्मदिन मुबारक हो वीरू। ढेर सारा प्यार भाई। उम्मीद है कि आपका आने वाला साल अच्छा रहे।”

सहवाग का था खौफ

सहवाग दुनिया के उन बल्लेबाजों में गिने जाते हैं जिनका गेंदबाजों में खौफ था। वह अपनी तूफानी बल्लेबाजी से किसी भी गेंदबाज को परेशान कर सकते थे। वह भारत के पहले बल्लेबाज हैं जिन्होंने टेस्ट में तिहरा शतक जमाया। ये काम उन्होंने एक बार नहीं बल्कि दो बार किया है। उनकी बल्लेबाजी देख किसी को यकीन नहीं था कि वह टेस्ट में सफल हो पाएंगे, लेकिन सहवाग ने ऐसा खेल दिखाया कि वह भारत के सर्वश्रेष्ठ टेस्ट ओपनरों में गिने जाते हैं।

उन्होंने भारत के लिए 104 टेस्ट मैच खेले और 49.34 की औसत से 8,586 रन बनाए। उनके नाम 23 शतक और 32 अर्धशतक शामिल हैं। वहीं, 251 वनडे मैचों में वह भारत के लिए खेले और 35.05 की औसत से 8,273 रन बनाए। इस फॉर्मेट में उनके बल्ले से 15 शतक और 38 अर्धशतक निकले। 19 टी20 इंटरनेशनल मैचों में वह भारत के लिए खेले और 394 रन बनाने में सफल रहे। यहां उनके बल्ले से दो अर्धशतक ही निकले।

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031