बेंगलुरु: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या चोट के कारण लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर हैं, लेकिन उनकी फैन फॉलोइंग बनी हुई है। हार्दिक से मिलने के लिए एक फैन 1,000 किलोमीटर से ज्यादा पैदल तलकर बेंगलुरु पहुंच गया। हार्दिक ने भी इस फैन को निराश नहीं किया। वह बहुत अच्छे से इस फैन से मिले। हार्दिक ने इस फैन का हालचाल पूछा और उसके घर लौटने का टिकट कराने का भी वादा किया।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। लोग हार्दिक के इस अंदाज को पसंद कर रहे हैं और इसे फैंस के प्रति उनके सम्मान के तौर पर देख रहे हैं। हार्दिक पांड्या से मिलने के लिए लखनऊ के रहने वाले रवि कुमार रावत ने लंबा सफर तय किया। वह अपने पसंदीदा क्रिकेटर से मिलने के लिए लखनऊ से मुंबई पहुंचे, लेकिन वहां उन्हें पता चला कि हार्दिक बेंगलुरु चले गए हैं।
सेंटर ऑफ एक्सिलेंस तक पहुंच गया फैन
रवि ने हार नहीं मानी और बेंगलुरु की ओर पैदल ही आगे बढ़ गए। इस तरह उन्होंने मुंबई से बेंगलुरु तक 1,000 किलोमीटर से ज्यादा का सफर तय किया। रवि का मकसद सिर्फ अपने पसंदीदा क्रिकेटर से मिलना था। आखिरकार वह बेंगलुरु में बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस पहुंच गए। यहां हार्दिक पांड्या चोट से उबरने के लिए रिहैबिलिटेशन कर रहे हैं।
हार्दिक ने पूछा- तुम्हारे लिए क्या कर सकता हूं?
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में हार्दिक पांड्या अपने फैन से बातचीत करते नजर आते हैं। वह उससे पूछते हैं कि उसे किसी चीज की जरूरत तो नहीं है और क्या वह उसकी कोई मदद कर सकते हैं। हार्दिक ने रवि को वापस घर लौटने के लिए ट्रेन टिकटों का इंतजाम कराने का भरोसा भी दिया। उन्होंने उससे यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर वह उनसे संपर्क कर सकता है। हार्दिक का यह व्यवहार लोगों को पसंद आ रहा है। फैंस का कहना है कि किसी खिलाड़ी की लोकप्रियता सिर्फ मैदान पर उसके प्रदर्शन से नहीं, बल्कि फैंस के साथ उसके व्यवहार से भी दिखाई देती है। हार्दिक ने अपने फैन के लंबे सफर की सराहना करते हुए उसकी मदद करने की पहल की।
चोट के कारण क्रिकेट से दूर हैं हार्दिक पांड्या
हार्दिक पांड्या फिलहाल अपनी फिटनेस पर काम कर रहे हैं। चोट के कारण वह क्रिकेट से दूर हैं और बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैबिलिटेशन कर रहे हैं। हार्दिक भारतीय टीम के अहम खिलाड़ी हैं। वह अपनी तेज गेंदबाजी और आक्रामक बल्लेबाजी के दम पर सीमित ओवरों के क्रिकेट में टीम के लिए अहम भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उनकी वापसी पर भी क्रिकेट फैंस की नजरें टिकी हैं।



















