चंडीगढ़: सेक्टर-17 स्थित ताज होटल में एक बिजनेसमैन की मौत का मामला सामने आया है। बुधवार सुबह होटल के कमरे में वह बेहोशी की हालत में मिले थे। होटल स्टाफ उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान दीपक के रूप में हुई है। वह दो दिन पहले ही होटल में ठहरे थे। बुधवार सुबह करीब 6 बजे जब होटल का एक वेटर उनके कमरे में पहुंचा, तो दरवाजा खुला हुआ था। अंदर दीपक बेड पर बेसुध पड़े थे। काफी कोशिश के बाद भी जब उनकी तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो होटल मैनेजमेंट को इसकी जानकारी दी गई। इसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।
ज्यादा शराब पीने की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
थाना-17 के एसएचओ सुदेश कुमार के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि बिजनेसमैन ने ज्यादा शराब पी थी। हालांकि, उनकी मौत की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस ने शव को सेक्टर-16 स्थित सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
होटल के कमरे में आई युवती से पूछताछ
पुलिस इस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, होटल के कमरे में आई एक युवती से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई जा सके। वहीं, ताज होटल के प्रवक्ता ने घटना पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि होटल प्रबंधन मृतक के परिवार की मदद कर रहा है और जांच में अधिकारियों को पूरा सहयोग दिया जा रहा है।



















