पुलिस स्मृति दिवस पर अमर शहीद वाटिका में दी श्रद्धांजलि, शहीद जवानों के परिजनों से की मुलाकात

रायपुर- वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा कि छत्तीसगढ़ में शांति और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पुलिस के वीर जवानों का अविस्मरणीय योगदान रहा है। विषम परिस्थितियों में कर्तव्य निभाते हुए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले जवानों की शहादत को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनके साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा से आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरणा मिलती रहेगी।

वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता, संसदीय कार्य मंत्री श्री कश्यप ने पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर जगदलपुर स्थित अमर शहीद वाटिका में शहीद पुलिस जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने शहीद जवानों के परिजनों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और उनके प्रति सम्मान एवं संवेदना व्यक्त की। श्री कश्यप ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने, नागरिकों की सुरक्षा और समाज में शांति स्थापित करने के लिए पुलिस के जवान कठिन परिस्थितियों में भी पूरी निष्ठा से अपने दायित्वों का निर्वहन करते हैं। राष्ट्र और समाज की रक्षा के लिए उनका सर्वाेच्च बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

वन मंत्री ने कहा कि किसी परिवार के लिए अपने प्रियजन को खोने की पीड़ा अपूरणीय होती है। शहीद जवानों के परिजनों का धैर्य और साहस भी प्रेरणादायी है। शहीदों की स्मृतियों को संजोना और उनके परिवारों के प्रति सम्मान एवं संवेदनशीलता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि शहीद जवानों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि उनके आदर्शों पर चलते हुए राष्ट्रसेवा और जनकल्याण के लिए समर्पित भाव से कार्य करना है। इस अवसर पर बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप, जगदलपुर नगर पालिक निगम के महापौर श्री संजय पाण्डे सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्यजन उपस्थित थे।

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031