प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने गुरुवार को नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय वार्ता की। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत-पोलैंड संबंधों की समीक्षा की और व्यापार, रक्षा, तकनीक समेत कई अहम क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के रास्तों पर चर्चा की। टस्क 21 से 23 अक्तूबर तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं। इस दौरे का उद्देश्य दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करना है। टस्क से मुलाकात के बाद पीएम मोदी ने कहा कि भारत और यूरोपीय संघ (ईयू) के बीच मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) से भारत-पोलैंड साझेदारी के लिए नए अवसर बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि भारत की बढ़ती आर्थिक ताकत ने दोनों देशों के बीच सहयोग की नई संभावनाएं पैदा की हैं। नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता में मोदी ने कहा कि ईयू के साथ व्यापार समझौते ने इन अवसरों को और व्यापक बना दिया है।
दो साल में रणनीतिक साझेदारी को मिली नई गति: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने भारत दौरे पर आए डोनाल्ड टस्क का स्वागत करते हुए 2024 में अपनी पोलैंड यात्रा का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस यात्रा के दौरान दोनों देशों के संबंधों को रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया गया था। इसके बाद पिछले दो वर्षों में द्विपक्षीय संबंधों को नई गति मिली है। मोदी के मुताबिक, भारत और पोलैंड की दोस्ती केवल कूटनीतिक रिश्तों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानवता और संवेदनशीलता की साझा विरासत पर आधारित है।
द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान भारत ने की थी मदद
प्रधानमंत्री मोदी ने द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान पोलैंड के लोगों को भारत में मिली मदद का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जामनगर और कोल्हापुर के शाही परिवारों ने हजारों पोलिश बच्चों और परिवारों को भारत में आश्रय दिया था। पीएम मोदी ने इस ऐतिहासिक घटना को दोनों देशों के बीच मानवीय संबंधों की मजबूत कड़ी बताया।
व्यापार, रक्षा और तकनीक में सहयोग बढ़ाने पर जोर
संयुक्त प्रेस वार्ता से पहले मोदी और टस्क ने हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय वार्ता की। इसमें भारत-पोलैंड संबंधों की समीक्षा की गई और व्यापार, रक्षा, तकनीक समेत कई अहम क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के रास्तों पर चर्चा हुई। दोनों नेताओं की मौजूदगी में कई महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों (एमओयू) का आदान-प्रदान भी हुआ।
राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात से पहले डोनाल्ड टस्क ने गुरुवार सुबह राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने राष्ट्रपिता की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की। टस्क बुधवार को प्रधानमंत्री मोदी के निमंत्रण पर नई दिल्ली पहुंचे थे। उनके साथ पोलैंड के वित्त एवं अर्थव्यवस्था मंत्री आंद्रेज डोमान्स्की और कारोबारी प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है।
जयशंकर से मुलाकात में भी सहयोग बढ़ाने पर चर्चा
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने गुरुवार को पोलैंड के प्रधानमंत्री से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने विभिन्न क्षेत्रों में भारत-पोलैंड सहयोग को आगे बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की। जयशंकर ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, ‘पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क से मुलाकात करके खुशी हुई। भारत-पोलैंड के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने पर उनके विचारों की सराहना की।’
छह अरब डॉलर से 10 अरब डॉलर तक व्यापार बढ़ाने का लक्ष्य
भारत में पोलैंड के पूर्व राजदूत एडम बुराकोव्स्की के मुताबिक, दोनों देश सालाना द्विपक्षीय व्यापार को करीब छह अरब डॉलर से बढ़ाकर 10 अरब डॉलर तक पहुंचाना चाहते हैं। उन्होंने कारोबार को बढ़ावा देने में कंपनियों के बीच साझेदारी और कारोबारी मंचों की भूमिका को अहम बताया। बुराकोव्स्की ने रक्षा और अंतरिक्ष तकनीक को भी सहयोग के प्रमुख क्षेत्र बताया। उनके अनुसार, भारत और यूरोपीय संघ के बीच मुक्त व्यापार समझौता आर्थिक संबंधों को विस्तार देने में मदद कर सकता है।



















