मनेंद्रगढ़। एमसीबी जिले के मनेंद्रगढ़ में गुरुवार की दोपहर बड़ा हादसा हो गया। यात्रियों से भरी तेज रफ्तार बस सडक़ किनारे मोड़ पर एक पेड़ से टकरा गई। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई। इनमें बस मालिक, 3 महिलाएं समेत अन्य शामिल हैं। जबकि ड्राइवर की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे में 20 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिसमें 4 यात्रियों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। सभी को मनेंद्रगढ़ अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही केल्हारी पुलिस व प्रशासन की टीम घटनास्थल पहुंची और घायलों को अस्पताल लाया गया। यहां घायलों (Injured in bus accident) का उपचार जारी है। हादसा किस वजह से हुआ, इसका पता फिलहाल नहीं चल सका है।
एमसीबी जिले के मनेंद्रगढ़ से यात्रियों को लेकर राज ट्रेवल्स की बस केल्हारी जा रही थी। दोपहर करीब 12.30 बजे बस मनेंद्रगढ़ और केल्हारी के बीच ग्राम सेमरमथानी जंगल से गुजर रही थी। इस दौरान ढलान और मोड़ होने की वजह से चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस सडक़ किनारे एक विशाल पेड़ से जा टकराई। हादसे (Bus collided from tree) के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही केल्हारी पुलिस और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। फिर स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया। हादसे में बस मालिक सिपाहीलाल, 2 महिला, एक बालिका समेत 5 लोगों की मौत हो गई। जबकि 20 से अधिक घायल हैं। सभी घायलों को मनेंद्रगढ़ अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से ड्राइवर की गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर के लिए रेफर कर दिया गया है।



















