एक्ट्रेस और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अंजलि अरोड़ा बीते दिनों कानपुर में मंच पर भड़क गई थीं। उन्‍होंने बीच में ही कार्यक्रम छोड़ दिया था। इसके वीडियोज सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुए। अब वह इसको लेकर कानूनी विवाद में घिर चुकी हैं। ‘कच्चा बादाम’ गाने पर अपनी वायरल डांस रील से मशहूर हुईं अंजलि को rs 1.20 करोड़ के हर्जाने का लीगल नोटिस भेजा गया है। यही नहीं, उन पर कानपुर में आयोजित नवरात्र इवेंट को बीच में छोड़कर जाने और शहर के लोगों के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप लगे हैं।

यह विवाद 15 अक्टूबर को कानपुर में आयोजित ‘नगाड़ा नाइट’ इवेंट से जुड़ा है। कार्यक्रम के आयोजकों ने अंजलि और उनकी मैनेजर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। आयोजकों का आरोप है कि अंजलि तय समय से पहले शो छोड़कर चली गईं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ और उनकी प्रतिष्ठा प्रभावित हुई। मामले में दिल्ली के स्वरूप नगर पुलिस स्टेशन में भी शिकायत दिए जाने की जानकारी भी सामने आई है। हालांकि, अंजलि अरोड़ा ने अभी तक इन आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

अंजली अरोड़ा से rs 1.20 करोड़ के हर्जाने की मांग

रिपोर्ट के मुताबिक, इवेंट आयोजकों की ओर से भेजे गए कानूनी नोटिस में कुल ₹1.20 करोड़ के हर्जाने की मांग की गई है। इसमें कथित मानहानि के लिए ₹1 करोड़ और कार्यक्रम बीच में छोड़ने से हुए आर्थिक नुकसान के लिए ₹20 लाख मांगे गए हैं। आयोजकों ने अंजलि से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग भी की है। उनका दावा है कि इस घटना से उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा है।

आयोजकों ने बताई आर्थिक नुकसान की वजह

आयोजकों के मुताबिक, अंजलि अरोड़ा को कार्यक्रम में करीब 45 मिनट तक स्टेज पर रहना था। इस दौरान उन्हें स्पॉन्सर्स और खास मेहमानों को स्मृति चिह्न भी देने थे। आरोप है कि उनके समय से पहले चले जाने से कार्यक्रम की व्यवस्था प्रभावित हुई और आयोजकों को मेहमानों के सामने असहज स्थिति का सामना करना पड़ा। आयोजकों का यह भी दावा है कि अंजलि को इवेंट में शामिल होने के लिए ₹3 लाख दिए गए थे, जबकि उनकी यात्रा पर ₹1 लाख से अधिक खर्च किए गए थे।

अंजली अरोड़ा का कानपुर विवाद

‘नगाड़ा नाइट’ इवेंट के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुई वीडियो में अंजलि अरोड़ा को डीजे पर ‘कच्चा बादाम’ गाना बजने को लेकर नाराजगी जताते देखा गया। कुछ अन्य क्लिप्स में वह इवेंट के इंतजामों की आलोचना करती नजर आती हैं। आयोजकों का आरोप है कि अंजलि कार्यक्रम बीच में ही छोड़कर चली गईं और उन्होंने कानपुर के लोगों के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। हालांकि, इन आरोपों पर अंजलि का पक्ष अभी सामने नहीं आया है।

अंजलि अरोड़ा की मैनेजर को भी भेजा गया नोटिस

इस मामले में अंजलि अरोड़ा की मैनेजर प्रीति दुबे को भी कानूनी नोटिस भेजे जाने की जानकारी सामने आई है। नोटिस में 15 दिनों के भीतर हर्जाने की मांग पूरी करने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने को कहा गया है। आयोजकों के वकील करीम अहमद सिद्दीकी के मुताबिक, यदि निर्धारित समय में उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती है, तो वे कानूनी रास्ता अपनाएंगे।

दिल्ली पुलिस में भी दी गई शिकायत

मामले को लेकर दिल्ली के स्वरूप नगर पुलिस स्टेशन में भी शिकायत दिए जाने की बात सामने आई है। शिकायत में अंजलि अरोड़ा और उनकी मैनेजर के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज करने की मांग की गई है। आयोजकों के वकील ने कहा है कि यदि पुलिस प्राथमिकी दर्ज नहीं करती है, तो वे अदालत का रुख करेंगे। फिलहाल, यह मामला आयोजकों की ओर से लगाए गए आरोपों और कानूनी मांगों से जुड़ा है। अंजलि अरोड़ा की प्रतिक्रिया सामने आने के बाद ही इस विवाद में उनका पक्ष स्पष्ट हो सकेगा।

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031