छत्तीसगढ़ में यादव समाज के अधिकारों और आरक्षण से जुड़ी मांगों को लेकर सर्व यादव समाज छत्तीसगढ़ प्रदेश द्वारा किए गए आह्वान के तहत आज रायपुर के सांसद बृजमोहन अग्रवाल को एक ज्ञापन सौंपा गया। सर्व यादव समाज के प्रदेश अध्यक्ष रमेश यदु, रायपुर अध्यक्ष गजानंद यादव और सामाजिक प्रमुख मनोज यादव की उपस्थिति में सौंपे गए इस ज्ञापन में बताया गया कि केंद्र सरकार की अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) सूची में ‘रावत’ जाति का नाम शामिल नहीं होने के कारण समाज को केंद्रीय स्तर पर आरक्षण का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इसके साथ ही ‘ठेठवार’ जाति के नाम में उच्चारण और वर्तनी की त्रुटि के कारण इसे ‘थेतवार’ लिख दिया गया है, जिससे समाज के लोगों के जाति प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहे हैं। प्रतिनिधियों ने ध्यान दिलाया कि छत्तीसगढ़ शासन और राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग द्वारा इस पूरी प्रक्रिया को पूर्ण कर अग्रिम कार्रवाई हेतु एक वर्ष पूर्व ही केंद्र सरकार को भेजा जा चुका है और पूर्व में केंद्रीय सामाजिक न्याय मंत्री से भी मुलाकात की गई थी, परंतु अब तक केंद्र स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इसी के विरोध स्वरूप प्रदेश अध्यक्ष रमेश यदु द्वारा राज्य के सभी 11 सांसदों को ज्ञापन सौंपने के अभियान के तहत रायपुर सांसद को यह मांग पत्र दिया गया, जिस पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने आश्वस्त किया कि वे दिल्ली पहुंचकर संबंधित मंत्री से चर्चा कर इस कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने में पूरा सहयोग करेंगे।




















