झुंझुनू। राजस्थान के झुंझुनू जिले के छापोली गांव में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में 8 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 5 लोग झुलसकर घायल हो गए। गांव में जनसहयोग से सड़क निर्माण का काम चल रहा था। इसी दौरान कंक्रीट तैयार करने के लिए लगाई गई रोड़ी मिक्सर मशीन ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गई। इससे पूरी मशीन में करंट फैल गया और उसके आसपास काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए। हादसे में 5 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

कदम कुंड मार्ग पर चल रहा था सड़क निर्माण, मशीन से फैला करंट
झुंझुनू जिला कलेक्टर अरुण गर्ग से मिली जानकारी के अनुसार, उदयपुरवाटी क्षेत्र के छापोली गांव में स्थानीय ग्रामीण आपसी जनसहयोग से सड़क का निर्माण करवा रहे थे। यह काम कदम कुंड की ओर जाने वाले मार्ग पर चल रहा था। सड़क निर्माण के लिए कंक्रीट तैयार करने के उद्देश्य से मौके पर रोड़ी मिक्सर मशीन लगाई गई थी।

इसी दौरान मशीन का ऊपरी हिस्सा असावधानीवश ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया। बिजली के तार से छूते ही धातु की पूरी मशीन में करंट फैल गया। इसकी चपेट में आसपास काम कर रहे मजदूर आ गए। अचानक हुए इस हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

मौके पर 5 मजदूरों की मौत, अस्पताल में 3 ने तोड़ा दम
करंट का झटका इतना तेज था कि 5 मजदूरों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ग्रामीणों और वहां मौजूद लोगों ने बिजली आपूर्ति बंद करवाने के प्रयास किए और घायलों को बचाने में जुट गए।

झुलसे हुए मजदूरों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां उपचार के दौरान 3 अन्य मजदूरों की भी मौत हो गई। इस तरह हादसे में मृतकों की कुल संख्या 8 पहुंच गई है। वहीं, 5 अन्य लोग करंट से झुलसकर घायल हुए हैं। सभी का उपचार जारी है।

हादसे में एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत
इस हादसे में हालेड़ा मंडावरा निवासी एक ही परिवार के चार लोगों की जान चली गई। मृतकों में हरिराम गुर्जर (30), मंगलचंद गुर्जर (22), कालूराम गुर्जर (29) और पवन गुर्जर (23) शामिल हैं।

इसके अलावा छापोली निवासी विष्णु सैनी (38), सुरेंद्र उर्फ सुरेश सैनी (30), मुकेश सैनी (27) और फतेहचंद सैनी (32) की भी मौत हुई है। हादसे में छापोली निवासी महेंद्र सैनी, गीता देवी (45), संतरा देवी (35), गिदाराम सैनी (45) और मंजू देवी (38) घायल हुए हैं।

CM भजनलाल ने दिए जांच के आदेश, गहलोत ने मांगा मुआवजा

झुंझुनू के इस भीषण हादसे पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि करंट लगने से श्रमिकों की असामयिक मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है।

मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था करने, प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने और हादसे के कारणों की गहन जांच करने के निर्देश दिए हैं।

वहीं, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी घटना पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि यह पता लगाना जरूरी है कि सड़क निर्माण के दौरान यह लापरवाही कैसे हुई और इन मौतों के लिए जिम्मेदार कौन है। गहलोत ने राज्य सरकार से पीड़ित परिवारों को तत्काल उचित मुआवजा देने और उन्हें आर्थिक संबल प्रदान करने की मांग की है।

PM मोदी ने हादसे पर जताया दुख, मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की मदद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के झुंझुनू में हुए दर्दनाक हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

पीएम मोदी ने घोषणा की कि हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। वहीं, घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30