जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में बुधवार से लापता दो विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) के शव मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है. दोनों के शव गोलियों से छलनी हालत में बरामद किए गए हैं. खास बात यह है कि उनके सर्विस हथियार मौके से नहीं मिले हैं. इससे घटना में आतंकियों की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, अधिकारियों ने अभी किसी आतंकी हमले की पुष्टि नहीं की है.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, मृतकों की पहचान 57 वर्षीय बाबी चंद और 45 वर्षीय रशपाल कुमार के रूप में हुई है. दोनों स्थानीय पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (एसओजी) में तैनात थे. उनके लापता होने के बाद से ही पुलिस और सेना ने बड़े स्तर पर तलाशी अभियान चलाया था.
कैंप से आर्मी पोस्ट जाते समय हुए थे लापता
अधिकारियों के मुताबिक, बाबी चंद और रशपाल कुमार किश्तवाड़ के दच्छन क्षेत्र के कियार गांव में स्थानीय पुलिस के एसओजी के साथ तैनात थे. बुधवार को दोनों अपने कैंप से धरना-मरवाह स्थित सेना की एक पोस्ट की ओर जा रहे थे. इसी दौरान वे लापता हो गए.
शुरुआत में दोनों के मोबाइल फोन पर संपर्क हो रहा था, लेकिन कुछ समय बाद उनके फोन बंद हो गए. इससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई और उनकी तलाश के लिए व्यापक अभियान शुरू किया गया. तलाशी के दौरान अतिरिक्त पुलिस और सेना के जवानों को भी तैनात किया गया. कई टीमों को जंगलों और दुर्गम पहाड़ी इलाकों में भेजा गया.
ड्रोन और खोजी कुत्तों की मदद से चला अभियान
लापता जवानों की तलाश के लिए सुरक्षा बलों ने कियार गांव के आसपास और धरना-मरवाह जाने वाले रास्ते के बड़े हिस्से को अभियान के दायरे में शामिल किया. दुर्गम जंगलों और पहाड़ी क्षेत्रों की निगरानी के लिए ड्रोन की मदद ली गई, जबकि जमीनी टीमों के साथ खोजी कुत्तों को भी लगाया गया.
सुरक्षा बलों की टीमें घने जंगलों, प्राकृतिक रास्तों और दूरदराज के इलाकों में तलाशी ले रही थीं. अधिकारियों के अनुसार, दोनों के लापता होने की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है.
हथियार नहीं मिलने से बढ़ा संदेह
दोनों एसपीओ के शव मिलने के बाद उनके सर्विस हथियार गायब होने का मामला जांच का अहम हिस्सा बन गया है. अधिकारियों ने बताया कि हथियार नहीं मिलने से आतंकियों की संलिप्तता की आशंका पैदा हुई है. हालांकि, उन्होंने फिलहाल इस घटना को आतंकी गतिविधि से जोड़ने में सावधानी बरतने को कहा है. उनका कहना है कि जांच पूरी होने और सभी तथ्य सामने आने से पहले किसी नतीजे पर पहुंचना जल्दबाजी होगी.
किश्तवाड़ में चल रहे आतंकवाद विरोधी अभियान
किश्तवाड़ जिले के दूरदराज और घने जंगलों वाले इलाकों में आतंकियों की मौजूदगी सुरक्षा एजेंसियों के लिए लंबे समय से चुनौती बनी हुई है. यहां सुरक्षा बल लगातार आतंकवाद विरोधी अभियान चला रहे हैं. पिछले कुछ अभियानों में कई सक्रिय आतंकियों को मार गिराया गया है, जिससे जिले में उनकी मौजूदगी कमजोर हुई है.
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 में आतंकी घटनाओं में चार आतंकियों और सेना के एक जवान समेत कुल पांच लोगों की मौत हुई है. वर्ष 2025 में तीन आतंकियों और सेना के एक जवान समेत चार लोगों की जान गई थी. वहीं, वर्ष 2024 में तीन सुरक्षाकर्मियों और दो नागरिकों की मौत हुई थी.
भाजपा विधायक ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में लापता हुए दो विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) के शव बरामद किए गए हैं. किश्तवाड़ से भाजपा विधायक शगुन परिहार ने इस घटना को बेहद दुखद बताया. उन्होंने कहा कि दोनों एसपीओ के लापता होने की सूचना पिछली रात मिली थी. इसके बाद सुबह करीब आठ बजे एक और नौ बजे दूसरे एसपीओ का शव बरामद हुआ.
विधायक ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान अपनी नापाक साजिशों से बाज नहीं आ रहा है. उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री से दोनों एसपीओ की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों को जल्द सजा दिलाने की अपील की. साथ ही उन्होंने मांग की कि इस घटना का चार गुना कड़ा जवाब दिया जाए. शगुन परिहार ने बताया कि वह घटनास्थल के लिए रवाना हो रही हैं. जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकियों की तलाश के लिए सुरक्षा बलों का अभियान लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा. सुरक्षा बल उन आतंकियों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान चला रहे हैं, जिन्होंने सीआरपीएफ की एक टीम पर हमला किया था.
बारामुला के जंगल में दो हैंड ग्रेनेड बरामद, एक व्यक्ति गिरफ्तार
जम्मू-कश्मीर के बारामुला जिले में सुरक्षा बलों ने संयुक्त अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए दो हैंड ग्रेनेड बरामद किए हैं. इस दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार भी किया गया. पुलिस के अनुसार, बदरकूट के जंगलों में क्षेत्र नियंत्रण गश्त के दौरान पुलिस ने सीआईसीटी एफटीआर बीएसएफ (112/06 बटालियन), 2 आरआर और सीआरपीएफ की 176वीं बटालियन के साथ मिलकर अभियान चलाया.
इस दौरान बदरकोट, तंगमर्ग निवासी गुलाम जीलानी रेशी को संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर पकड़ा गया. तलाशी में उसके कब्जे से एक हैंड ग्रेनेड बरामद हुआ. उसकी निशानदेही पर जंगल में छिपाकर रखा गया दूसरा ग्रेनेड भी बरामद किया गया. पुलिस ने तंगमर्ग थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली है. अब बरामद विस्फोटकों के स्रोत, उनके इस्तेमाल के मकसद और संभावित संपर्कों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है.


















