छुरा अंचल के समीपस्थ ग्राम रावणभाठा की 50 से ज्यादा महिलाएं शनिवार को थाने पहुंचीं और गांव में बिक रही अवैध शराब पर रोक लगाने की मांग की। महिलाओं ने बताया कि गांव में कुछ लोग शराब पीकर रोज विवाद करते हैं जिससे गांव की शांति भंग हो रही है। इसके पहले भी महिलाओं ने शिकायत की थी, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है, जिसके चलते महिलाओं में भारी आक्रोश व्याप्त है।
साहब हमारे आदमी दिन भर में जितना कमाते हैं, उन पैसों की रात में शराब पी लेते हैं, पुरुषों के साथ युवा और कुछ स्कूली बच्चे भी अब तक शराब पीने लगे हैं। दिन भर की कमाई शराब में उड़ा देने के बाद घर में आकर विवाद करते हैं और मारपीट भी करते हैं, जिससे बच्चों पर भी बुरा असर पड़ रहा है, वहीं हमारी आर्थिक स्थिति भी बुरी तरह से बिगड़ गई है। साहब गांव में बिक रही अवैध शराब को बंद करवा दो। ये दर्द ग्राम रावणभाठा ठगनीबाई, मंगली बाई, पुष्पा बाई, धनेश्वरी बाई, ललिता साहू सहित थाने पहुंचीं महिलाओं का था। महिलाओं ने बताया कि गांव में कुछ लोग अवैध शराब बेच रहे हैं। महिलाओं ने दो लोगों के नाम भी पुलिसकर्मियों को दिए हैं, जिनके द्वारा अवैध तरीके से शराब बेची जा रही है। महिलाओं ने जल्द से जल्द कड़ी कार्रवाई की मांग की है।



















