दीपावली पर्व पर दूसरों की खुशियों को ग्रहण लगाकर शातिर जालसाज 50 लाख रुपए लेकर रफूचक्कर हो गया। कमेटी डालने और नौकरी लगवाने के बहाने जालसाज ने कई नागरिकों से यह रकम ली थी। जाने से पहले वह अपने मकान का सौदा भी कर गया। 25 साल पुराना भरोसा टूटने से पीडि़तों को गहरा धक्का लगा है। पुलिस ने इस संबंध में 5 आरोपियों के विरूद्ध एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जनपद गाजियाबाद के नंदग्राम थाना क्षेत्र में यह मामला प्रकाश में आया है। पुलिस के मुताबिक मौहल्ला हरवंश नगर में पिछले 25 साल से सुभाष कुमार सपरिवार रह रहा था। वह जूते-चप्पल बनाने का काम करता था। सुभाष ने आस-पास के परिवारों को कमेटी डालने की स्कीम बताई थी। बाद में यह परिवार राजी हो गए। इसके अलावा आकाश कुमार से नौकरी लगवाने के नाम पर 3 लाख रुपए ले लिए थे। ढाई दशक से मौहल्ले में सपरिवार रहने के कारण सुभाष ने पड़ोसियों पर भरोसा कायम कर रखा था। गत 26 अक्तूबर वह किसी धार्मिक स्थल पर जाने की बात कहकर वहां से सपरिवार चला गया। इसके अगले दिन सुभाष के मकान पर अमित कुमार ने अपना ताला डाल दिया। यह देखकर आस-पास के नागरिक हैरान रह गए। पूछताछ करने पर मालूम पड़ा कि सुभाष ने यह मकान अमित को बेच दिया है। माजरा समझ मे आने पर नागरिकों के होश उड़ गए। वह समझ गए कि आरोपी उन्हें चूना लगाकर भाग गया है। पीडि़तों का कहना है कि विभिन्न माध्यमों से आरोपी ने 50 लाख रुपए से अधिक ले रखे थे। आकाश कुमार के अलावा रजनीश यादव, गुलशन, दुर्गेश कुमार गौतम आदि ठगी का शिकार हो गए हैं। काफी खोजबीन के बावजूद आरोपी का कोई सुराग न मिलने पर पीडि़त परिवारों ने थाना नंदग्राम में शिकायत की है। पुलिस ने आरोपी सुभाष, उसके भाई सोनू, छोटू, साले सुभाष सागर व पुत्र निखिल के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना आरंभ कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है। उधर, दीपावली पर्व के ऐन वक्त पर आर्थिक नुकसान होने से पीडि़तों की हालत खराब है।

Advertisement Carousel
Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930