एक दिवसीय कोरोना टीकाकरण विशेष महाअभियान के नतीजे पर प्रशासन ने दी बधाई
राजनांदगांव। कोरोना संक्रमण की रोकथाम व इससे बचाव का प्रयास करते हुए संक्रमण की संभावित तीसरी लहर की आशंका के बीच जिले में चलाए गए कोरोना टीकाकरण विशेष महाअभियान में जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग को बड़ी सफलता मिली है। कोरोना टीकाकरण विशेष महाअभियान के दौरान लोगों को टीकाकृत करने में छुईखदान विकासखंड अव्वल नंबर पर रहा। वहीं इस विशेष महाअभियान के परिणाम स्वरूप जिले में नए उत्साह का संचार हुआ है तथा जागरूकता का परिचय देते हुए लोग अब स्वप्रेरणा से टीका लगवाने लगे हैं।
जिले में अधिक से अधिक लोगों को टीकाकृत किया जा सके, इस उद्देश्य को पूरा करने के लिए कलेक्टर तारण प्रकाश सिन्हा के निर्देश पर प्रत्येक विकासखंड में ग्रामीणों का कोरोना टीकाकरण किया गया। विशेष महाअभियान में शहरी क्षेत्र के लोगों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया जिसके परिणाम स्वरूप टीकाकरण में छुईखदान ब्लॉक पहले नंबर पर रहा। यहां 3,373 लोगों को पहला डोज और 5,013 लोगों को दूसरा डोज लगाया गया। कुल 8,786 लोगों का टीकाकरण हुआ। दूसरे नंबर पर छुरिया ब्लॉक रहा। यहां 4,009 को पहला डोज और 4,076 को दूसरा डोज लगाया गया। कुल 8,085 लोगों को डोज लगाया गया। इसी तरह मोहला में 1,505 अंबागढ़ चौकी में 2,924, डोंगरगांव में 3,456, खैरागढ़ में 7,013, मानपुर में 2,192 तथा घुमका क्षेत्र में 7,643 को टीके लगाए गए। इस तरह महाभियान में कुल 50,977 टीके लगे। इस दौरान लोगों में भी उत्साह है।
कोरोना टीकाकरण विशेष महाअभियान के माध्यम से जिला प्रशासन ने सफलता के नए सोपान प्राप्त किए हैं। वहीं प्रथम डोज का कवरेज 98 प्रतिशत रहा है। इस प्रयास से जनमानस के साथ ही जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की टीम में जागरूकता व नए उत्साह का संचार हुआ है। शत-प्रतिशत का लक्ष्य पूरा करने हेतु टीकाकरण की गति और तेज कर दी गई है। टीकाकरण विशेष महाअभियान का हिस्सा बनकर शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं व बुजुर्गों के साथ ही दिव्यांगजनों ने भी टीकाकरण कराया। इस उपलब्धि के लिए कलेक्टर तारण प्रकाश सिन्हा ने जिलेवासियों को बधाई दी है।
इस संबंध में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. बीएल तुलावी ने बताया, जिले में शत-प्रतिशत कोरोना टीकाकरण का लक्ष्य पूरा करने तथा लोगों को कोरोना संक्रमण से पूरी तरह सुरक्षित रखने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। शहरी के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी कोरोना टीकाकरण कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। जिन लोगों ने टीका का पहला डोज ले लिया है, उनसे अपनी बारी आने पर दूसरी खुराक भी अनिवार्य रूप से लेने की लगातार अपील की जा रही है। इसी कड़ी में जिले में एक दिवसीय कोरोना टीकाकरण विशेष महाअभियान चलाया गया जिसे बेहतर सफलता मिली है।
कोरोना टीकाकरण विशेष महाअभियान के संबंध में राजनांदगांव के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश चौधरी ने बताया, कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए टीकाकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता में रखकर इसे एक महत्वपूर्ण चुनौती के रूप में लेकर कार्य किया जा रहा है। इसी कड़ी में जिलेभर में एक दिवसीय कोरोना टीकाकरण विशेष महाअभियान भी चलाया गया, जिसमें पहली बार एक ही दिन में कुल 50,977 लोगों का टीकाकरण किया गया जो काफी उत्साहजनक है। जिन व्यक्तियों ने अभी तक टीका नहीं लगवाया है, उन्हें भी कोरोना से सुरक्षा का टीका अनिवार्य रूप से लगवाना चाहिए।

Advertisement Carousel
Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930