आजमगढ़। पुलिस ने शिक्षा के मंदिर में चल रहे अवैध शराब के कारोबार का भंडाफोड़ करते हुए आरोपी विद्यालय के प्रबंधक को गिरफ्तार कर विद्यालय के कमरे से भारी मात्रा में अवैध शराब, शराब बनाने उपकरण, शीशी, होलोग्राम, ढक्कन आदि बरामद किया। पुलिस ने फरार अन्य दो आरोपियों की तलाश में जुटी है। बरामद शराब की कीमत करीब डेढ़ लाख रूपये बताई गयी है। आजमगढ़ जिले के कंधरापुर थाने के थानाध्यक्ष शिवशंकर सिंह को जरिये मुखबिर से सूचना मिली कि एक बालिका विद्यालय में अवैध शराब का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है। सूचना के बाद पुलिस की टीम ने बुधवार की दोपहर दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने विद्यालय प्रबंधक राकेश यादव निवासी औरंगाबाद थाना कंधरापुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने विद्यालय के कमरे की तलाशी ली तो कमरे में 51 पेटी अवैध देशी शराब, दो बण्डल रैपर, एक पैकेट ढक्कन, करीब 10 लीटर स्प्रीट, एक बण्डल बार कोड स्टीकर, एक हजार खाली शीशीयां और शराब बनाने का उपकरण बरामद किया। पुलिस ने आरोपी प्रबंधक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक प्रो. त्रिवेणी सिंह ने बताया कि विद्यालय के कमरे से भारी मात्रा में अवैध शराब और शराब बनाने के उपकरण के साथ विद्यालय के प्रबंधक को गिरफ्तार किया गया है। इनके अन्य दो साथियों की तलाश की जा रही है। इसके साथ इनके लिंक को तलाशा जा रहा है कि ये कहां-कहां और किन-किन लोगों को शराब बेचते थे। उनको भी जल्द ही गिरफ्तार किया जायेगा। (एजेंसी)
Related Posts
Add A Comment


















