कबीरधाम। कोरोना संक्रमण व इसके नए वैरिएंट ओमिक्रॉन की रोकथाम तथा इससे बचाव का प्रयास करते हुए संक्रमण की संभावित तीसरी लहर की आशंका के बीच जिले में सतर्कता बढ़ा दी गई है। कोरोना टीकाकरण का लक्ष्य पूरा करने के लिए आगामी 21 दिसंबर को टीका तुंहर दुआरी नाम से कोविड टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा, जिसके लिए जिले के विभागीय अधिकारियों के मध्य बैठकों का दौर जारी है।
कोविड-19 व इसके नए वैरिएंट ओमिक्रॉन से बचाव के लिए वर्तमान में कोविड टीकाकरण को ही कारगर माना जा रहा है। यही वजह है कि जिले के शत-प्रतिशत लोगों को जल्द से जल्द कोरोना टीका लगाकर सुरक्षित किया जा सके, इस उद्देश्य के साथ ग्रामीण क्षेत्र में मुनादी कराई जा रही है। जन जागरूकता से संबंधित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। द्वितीय डोज के टीकाकरण का लक्ष्य पूरा करने हेतु शहरी क्षेत्र में भी विभिन्न माध्यमों से प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। यह पूरा कार्यक्रम स्वास्थ्य विभाग के साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग, पंचायत विभाग और राजस्व विभाग के समन्वय से किया जा रहा है।
आगामी टीका तुंहर दुआरी नाम से कोविड टीकाकरण अभियान को गति देने के लिए कलेक्टर रमेश कुमार शर्मा ने स्वास्थ्य, शिक्षा, राजस्व, नगरीय निकाय, जिला पंचायत, महिला बाल विकास विभाग आदि कई विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने जिले की सीमाओं का उदाहरण देकर दूसरे जिलों के ग्रामों व कबीरधाम के ग्रामों की स्थितियों की समीक्षा करते हुए कोविड टीकाकरण का लक्ष्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए हैं। सर्व विभागों की बैठक में कलेक्टर ने कोविड टीकाकरण पर जिले की स्थिति और बेहतर करने के लिए विभिन्न दिशा-निर्देश दिए हैं। कहा है, जिसे जो जिम्मेदारी मिलेगी उसे गंभीरतापूर्वक पूरी की जाए। आगामी मंगलवार यानी 21 दिसंबर को होने वाले कोविड टीका महाकुंभ में समन्वित प्रयास से बेहतर नतीजे लाने का प्रयास किया जाए। इसके लिए सभी अपनी कार्यकुशलता दिखाएं। उन्होंने कार्य विभाजन कर क्लस्टर वार 15-15 गावों का चयन करके अधिकारियों के नेतृत्व में टीम बनाने की सलाह दी है। साथ ही कहा है मंगलवार को अनिवार्य रूप से कोविड टीका के प्रथम डोज का शत-प्रतिशत टीकाकरण पूरा करने के लक्ष्य पर काम करें और दूसरे डोज में जिनकी ड्यू लिस्ट में नाम है उन्हें अनिवार्य रूप से टीका लगवाएं।
कोरोना जांच की गति भी बढ़ाई
इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शैलेंद्र कुमार मंडल ने बताया, कोरोना टीकाकरण के साथ ही जिले में कोरोना जांच की भी गति बढ़ाई गई है। आगामी 21 दिसंबर को टीका तुंहर दुआरी नाम से जिले में कोविड टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा जिसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। साथ ही जिले में बाहर से यात्रा करके आने वाले यात्रियों की जानकारी तत्काल उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है। संबंधित के 7 दिन तक क्वारंटाइन रहने के बाद अनिवार्यतः उनकी कोरोना जांच करने तथा स्वास्थ्य केन्द्रों में ऑक्सीजन सहित सभी व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु बीएमओ को निर्देशित किया गया है। बैठक में अपर कलेक्टर बीएस उइके, कबीरधाम एसडीएम विनय कुमार सोनी, पंडरिया एसडीएम दिलेराम डाहीरे, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शैलेन्द्र कुमार मंडल, महिला बाल विकास विभाग अधिकारी समेत समस्त तहसीलदार, सभी सीएमओ व संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Advertisement Carousel
Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
June 2026
M T W T F S S
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728
2930