पहली पत्नी से तलाक लिए बगैर मोबाइल व्यापारी दूसरी शादी कर रहा था। जयमाला के बाद फेरे लेने की भी तैयारी हो चुकी थी। मगर, पहली पत्नी के परिजन पहुंच गए। इस पर हंगामा होने लगा। पुलिस दूल्हे को पकड़कर थाना ताजगंज ले आई। रातभर उसे हवालात में गुजारनी पड़ी। शुक्रवार सुबह उसका शांतिभंग में चालान किया। वहीं दूल्हे के छोटे भाई से दुल्हन की शादी करा दी गई। आगरा में ताजगंज क्षेत्र के रहने वाले मोबाइल व्यापारी की शादी 16 फरवरी 2012 को हुई थी। उसके एक बेटी भी है। आरोप के मुताबिक, सुसराल में उत्पीडऩ होने पर व्यापारी की पत्नी ने 25 अक्तूबर 2017 को पति के खिलाफ महिला थाना में मुकदमा दर्ज कराया। मामला कोर्ट में विचाराधीन है। युवती ने भरण पोषण के लिए भी वाद कर रखा है। दोनों का अभी तलाक नहीं हुआ है। युवती के भाई ने पुलिस को बताया कि परिचितों से जानकारी मिली थी कि व्यापारी दूसरी शादी कर रहा है। एक होटल में बरात आई थी। लड़की पक्ष भी पास के ही गांव का था। इस पर वह लोग रात 11 बजे होटल पहुंच गए। तब तक जयमाला का कार्यक्रम हो चुका था। दूल्हा बना व्यापारी मंडप में फेरों के लिए बैठा था। दूल्हे की हकीकत उन्होंने सभी के सामने रख दी। इस पर हंगामा होने लगा। इसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना दी गई। पीआरवी पहुंच गई। पुलिस ने पूछताछ की। तलाक के कागजात दिखाने को कहा। मगर, दूल्हा पक्ष नहीं दिखा सका। इस पर पुलिस दूल्हे को लेकर थाना ताजगंज आ गई। उसे हवालात में बंद कर दिया गया। थाना ताजगंज के प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र कुमार बालियान ने बताया कि मामले में रात तक किसी तरह की लिखित शिकायत नहीं मिली। इस पर दूल्हे के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की गई है। उसे पीआरवी पकड़कर थाने ले आई थी। उधर, दूल्हे की हकीकत सामने आने पर दुल्हन के परिजनों ने भी हंगामा किया। उनका कहना था कि धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराएंगे। इस पर परिवार के लोगों ने बैठकर बात की। इसके बाद मोबाइल व्यापारी के भाई को दूल्हा बनाया गया। व्यापारी जिससे शादी कर रहा था, अब उसका जेठ बन गया। व्यापारी की पत्नी के परिजनों का कहना था कि बिना तलाक लिए शादी कर रहा था। इस मामले में मुकदमा दर्ज किया जाना चाहिए था। मगर, पुलिस ने ऐसा नहीं किया।

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031