प्रदेश में मानसून की सक्रियता अब बढ़ने लगी है। मौसम विभाग का अनुमान है कि इसके प्रभाव से रविवार को बस्तर क्षेत्र में भारी वर्षा के आसार हंै। इसके साथ ही बिजली भी गिर सकती है। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम वर्षा होगी। इन दिनों प्रदेश भर में बादल छाने व हल्की वर्षा के कारण तापमान में गिरावट आई है और उमस से थोड़ी राहत मिली है।
शनिवार को राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान 33.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस प्रकार अधिकतम व न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार इन दिनों एक ठंडी हवा का क्षेत्र 18 डिग्री उत्तरी अक्षांश पर 3.1 किमी से 5.8 किमी ऊंचाई तक फैला हुआ है। रविवार को इसके चलते ही कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा की उम्मीद बनी हुई है।












