साइबर क्राइम को लेकर लोगों को जागरूक करने के लिए रायपुर पुलिस ने एक शार्ट फिल्म बनाई है। इस फिल्म में पुलिसवाले ठगी के तरीकों को बताते हुए क्या-क्या सावधानी रखनी चाहिए, इस विषय में बताएंगे। इस शार्ट फिल्म का प्रचार स्कूल-कालेजों के साथ इंटरनेट मीडिया में भी किया जाएगा। लोगों को रायपुर पुलिस के नाम से एसएमएस में इसके लिंक भी भेजे जाएंगे। विशेष बात ये है कि इस शार्ट फिल्म में ठग सहित ग्राहकों की भूमिका में पुलिसवाले ही होंगे।
एसएसपी प्रशांत अग्रवाल ने बताया कि 15 अगस्त से 21 अगस्त तक ‘सुनो रायपुर’ का आयोजन किया जाएगा। यह साइबर के प्रति जागरूकता अभियान है। इसमें वीडियो, शार्ट फिल्म के माध्यम से लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा।
पुलिस लोगों को एसएमएस व इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म के माध्यम से लाटरी के प्रलोभन और पुरस्कार राशि जैसे आनलाइन धोखाधड़ी के बारे में सावधान रहने के लिए सचेत करेगी। इसके अलावा अन्य आनलाइन अपराधों के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। इस अभियान के लिए फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम सहित इंटरनेट के अन्य माध्यमों का उपयोग किया जाएगा। शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में स्कूल, कालेज और गली-मोहल्लों में पुलिस साइबर जागरूकता अभियान चलाएगी। यहां जाकर वीडियो दिखाया जाएगा कि आखिर ठग कैसे झांसे में लेते हैं? वीडियो में बताएंगे कि आखिर ठग किस तरह से लोगों से बात करते हैं। इसके बाद शिकार बनाते हैं।


















