यूक्रेन के सरकारी बिजली ऑपरेटर ने ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर रूस के भीषण हमलों के बाद शनिवार को कीव और सात अन्य क्षेत्रों में निर्धारित कार्यक्रम के तहत बिजली आपूर्ति रोकने की घोषणा की. यह कदम ऐसे समय उठाया गया है, जब रूसी सेना ने मिसाइल और ड्रोन के साथ यूक्रेन के शहरों और गांवों पर बमबारी को जारी रखा है, जिससे बिजली संयंत्रों, पानी की आपूर्ति और अन्य बुनियादी ढांचे को काफी नुकसान पहुंचा है.

रूस ने इस बात से इनकार किया है कि यूक्रेन में इस्तेमाल किए गए ड्रोन ईरान से आए थे. हालांकि, ईरान के विदेश मंत्री हुसैन अमीर अब्दुल्लाहियन ने पहली बार शनिवार को आक्रमण से पहले मॉस्को को सीमित संख्या में ड्रोन की आपूर्ति करने की बात स्वीकार की. विदेश मंत्री ने दावा किया कि ईरान को यह नहीं पता कि यूक्रेन के खिलाफ उसके ड्रोन का इस्तेमाल किया गया या नहीं. उन्होंने संघर्ष को रोकने के लिए ईरान की प्रतिबद्धता को दोहराया.

रूस ने यूक्रेन के बुनियादी ढांचों को किया बर्बाद-यूक्रेन की हाई-वोल्टेज ट्रांसमिशन लाइन के एकमात्र ऑपरेटर यूक्रेनर्गो ने शनिवार को एक बयान में कहा कि राजधानी और विस्तारित कीव क्षेत्र के साथ-साथ इसके आसपास के कई इलाकों चेर्निहाइव, चर्कासी, जाइटॉमिर, सूमी, पोल्तावा और खारकीव में बिजली आपूर्ति रोकी जाएगी. बाद में कंपनी ने एक बयान में कहा कि कुछ खास घंटों के लिए बिजली आपूर्ति रोकना पर्याप्त नहीं हैं और इसके बजाय आपातकालीन आपूर्ति रोकी जाएगी, जो अनिश्चित समय तक जारी रह सकती है. यूक्रेन बिजली कटौती और पानी की आपूर्ति में व्यवधान से जूझ रहा है क्योंकि रूस सैन्य बलों ने पिछले महीने देश के ऊर्जा बुनियादी ढांचे को निशाना बनाते हुए मिसाइल और ड्रोन हमले शुरू किए थे.

रूस ने रातभर यूक्रेन के इस शहर पर दागे गोले-इस बीच, यूक्रेन के कई क्षेत्रों में रूसी गोलाबारी शनिवार को भी जारी रही. निप्रॉपेतोस के गवर्नर वैलेंटाइन रेजिनचेंको ने टेलीग्राम पर कहा कि निकोपोल शहर में रात भर लगभग 40 गोले दागे गए. रूसी सेना ने भारी तोपखाने से शहर और उसके आसपास के इलाकों को निशाना बनाया. दक्षिण में, मायकोलाइव के गवर्नर विटाली किम ने टेलीग्राम पर कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में गोलाबारी से कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ. रूसी सेना ने दक्षिण-पूर्वी जापोरिज्जिया क्षेत्र में भी मिसाइल दागीं. इस क्षेत्र के बड़े हिस्से पर रूस का कब्जा है. पूर्व में डोनेट्स्क क्षेत्र में बाखमुट, अदिवका और पोर्कोवस्क समेत आठ शहरों और गांवों पर बमबारी की गई.

यूक्रेन में रूसी गोलीबारी में तीन की मौत, 8 घायल– डोनेट्स्क में रूस द्वारा गठित प्राधिकारों ने बताया कि मॉस्को द्वारा नियुक्त एक न्यायाधीश एलेक्जेंडर निकुलिन पर हमला हुआ. निकुलिन उस न्यायिक समिति का हिस्सा थे, जिसने यूक्रेन की तरफ से लड़ाई में हिस्सा लेने के लिए जून में ब्रिटेन के दो नागरिकों, मोरक्को के एक नागरिक को मौत की सजा सुनाई थी. निकुलिन को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत गंभीर है. यूक्रेन के राष्ट्रपति कार्यालय के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में नौ यूक्रेनी क्षेत्रों में रूसी गोलाबारी से कम से कम तीन नागरिक मारे गए और आठ अन्य घायल हो गए. इन हमलों में ड्रोन, मिसाइल और भारी तोपखाने का इस्तेमाल किया गया. राष्ट्रपति कार्यालय के मुताबिक रूस के कब्जे वाले खेरसॉन क्षेत्र में रूसी सेना ने एक स्थानीय नागरिक का अपहरण कर लिया.

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031