विपक्षी एकता के आह्वान के बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को कहा कि केवल उनकी पार्टी ही देश को ‘‘सक्षम और निर्णायक’’ नेतृत्व प्रदान कर सकती है। उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को हराने के लिए कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन की पुरजोर वकालत की। खरगे ने कहा कि उनकी पार्टी अगले लोकसभा चुनाव में ‘‘जनविरोधी और अलोकतांत्रिक’’ भाजपा सरकार से छुटकारा पाने के लिए एक ठोस विकल्प देने के मकसद से समान विचारधारा वाले दलों के साथ तालमेल करना चाहती है और इस लक्ष्य को हासिल करने के वास्ते कोई भी बलिदान करने को तैयार है।

उन्होंने कहा कि मौजूदा कठिन परिस्थितियों में कांग्रेस ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो सक्षम और निर्णायक नेतृत्व प्रदान कर सकती है। उन्होंने कहा कि 2004 से 2014 तक कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन ने देश के लोगों की प्रभावी ढंग से सेवा की थी। इस बीच बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि कांग्रेस को विपक्षी एकता पर ‘‘जल्द फैसला’’ लेना होगा।

कुमार ने वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले विपक्षी एकता के अपने आह्वान को दोहराते हुए शनिवार को कहा कि अगर कांग्रेस सहित सभी विपक्षी दल आगामी लोकसभा चुनाव एक साथ लड़ते हैं, तो भाजपा 100 सीटों से कम पर सिमट जाएगी। पूर्णिया में महागठबंधन की रैली को संबोधित करते हुए कुमार ने कहा, ‘‘अगर कांग्रेस सहित सभी विपक्षी दल आगामी लोकसभा चुनाव एक साथ लड़ते हैं, तो भाजपा 100 सीटों से कम पर सिमट जाएगी।’’

छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर में कांग्रेस के 85वें महाधिवेशन में अपने संबोधन में खरगे ने‘भारत जोड़ो यात्रा’ के लिए पार्टी नेता राहुल गांधी की सराहना करते हुए कहा कि कन्याकुमारी से कश्मीर तक की यात्रा ने देश को एकजुट किया, जिसमें सभी क्षेत्रों के लोग एक साथ आए। उन्होंने कहा कि यह यात्रा आज लोगों के सामने मौजूद बड़ी चुनौतियों के खिलाफ एक मजबूत आवाज के रूप में उभरी है। उन्होंने कहा, ‘‘इस तरह की चुनौतियों में हमारे देश के संवैधानिक मूल्यों, लोकतंत्र और सामाजिक ताने-बाने पर लगातार हमला, चीन के साथ लगती सीमा पर राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे, नफरत और भय का मौजूदा माहौल, सर्वकालिक उच्च मुद्रास्फीति, रिकॉर्ड बेरोजगारी और बढ़ती आर्थिक असमानता शामिल हैं।’’

खरगे ने कहा, ‘‘हम अपने देश के लोगों की भलाई और कल्याण के लिए प्रयास करने को तैयार हैं और इसके लिए जो भी बलिदान करना होगा, वह करेंगे।’’ उन्होंने कहा कि राज्यों के आगामी चुनावों और 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए लक्ष्य स्पष्ट है। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपने संबोधन में पार्टी कार्यकर्ताओं से खरगे के नेतृत्व में 2024 के लोकसभा चुनावों में भाजपा को हराने के लक्ष्य को हासिल करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, ‘‘हमें इस सरकार से सख्ती से निपटना चाहिए। हमें लोगों तक पहुंचना चाहिए और स्पष्टता के साथ अपनी बात रखनी चाहिए। हमें अपनी व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं को अलग रखने के लिए तैयार रहना चाहिए।’’

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार के पूर्णिया में महागठबंधन की रैली को संबोधित करते हुए विपक्षी एकता की संभावनाओं के बारे में बात की। महागठबंधन में जद (यू), राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और कांग्रेस शामिल हैं। उन्होंने कहा, ‘‘अगर कांग्रेस सहित सभी विपक्षी दल आगामी लोकसभा चुनाव एक साथ लड़ते हैं, तो भाजपा 100 सीटों से कम पर सिमट जाएगी।’’

कुमार ने कहा, ‘‘कांग्रेस पार्टी को इस बारे में जल्द फैसला लेना होगा…मैं चाहता हूं कि आप लोग (कांग्रेस) जल्द फैसला लें। यदि आप मेरे सुझाव को स्वीकार करते हैं और एकसाथ चुनाव लड़ते हैं, तो वे (भाजपा) 100 सीटों से नीचे तक सीमित हो जाएंगे … लेकिन अगर वे मेरा सुझाव नहीं मानते हैं, तो आप जानते हैं कि क्या होगा।’’ नीतीश ने दावा किया कि उनका एकमात्र लक्ष्य भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए विपक्ष को एकजुट करने के लिए काम करना है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं इसे एक वास्तविकता बनाने की कोशिश करता रहूंगा।’’

उन्होंने कहा कि भाजपा को पूरे देश से खत्म करने की जरूरत है। रैली को दिल्ली से डिजिटल तरीके से संबोधित करते हुए बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि 2024 के आम चुनावों में भाजपा का सफाया हो जाएगा। इस बीच केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शनिवार को आरोप लगाया कि बिहार के मुख्यमंत्री कुमार ने अपनी प्रधानमंत्री पद की महत्वाकांक्षा को पूरा करने के लिए भाजपा का साथ छोड़कर कांग्रेस और राजद से हाथ मिलाया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता शाह ने पश्चिम चंपारण जिले के लौरिया में एक जनसभा को संबोधित करते हुए दावा किया कि कुमार राजद नेता तेजस्वी यादव को अगला मुख्यमंत्री बनाने के लिए सहमत हो गए हैं और कहा कि उन्हें घोषणा करनी चाहिए कि वह वह ऐसा कब करना चाहते हैं।

Advertisement Carousel
Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
May 2026
M T W T F S S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031