• चन्द्रभूषण वर्मा
    लगातार नौ दिन से अरब सागर में सक्रिय चक्रवाती तूफान बिपारजॉय आखिरकार गुरुवार 15 जून को गुजरात के तटवर्ती इलाकों से टकरा गया। इसके असर से तेज हवाओं के साथ हजारों पेड़ों, बिजली व टेलीफोन के खंबों के गिरने व तेज बारिश की घटनाएं सामने आई हैं। इससे पहले दो दिनों से गुजरात का मौसम लगातार बदलता जा रहा था और मांडवी, कच्छ, द्वारका जैसे क्षेत्रों में भारी बारिश हो रही थी। प्रधानमंत्री से लेकर आला अधिकारी तक इस महातूफान की पल-पल की जानकारी ले रहे थे और तटीय क्षेत्रों में निवासरत लाखों लोगों को समय रहते सुरक्षित स्थानों पर शरण दे दी गई। मछुआरों को समुद्र में ना जाने की सलाह दी गई थी। साथ ही साबरमती रिवर फ्रंट और द्वारकाधीश मंदिर को बंद किया गया है। बीते 60 सालों में यह तीसरा तूफान है, जो पश्चिमी तट से टकराया।
    वहीं दूसरी ओर तूफान के कारण वास्तविक नुकसान का आंकलन धीरे-धीरे सामने आ रहा है, लेकिन समय रहते सतर्क तैयारी के चलते जनधन की बड़ी हानि को टालना हमारी उपलब्धि ही कही जायेगी। विज्ञान व तकनीकी उन्नति के चलते हमें तूफान की चाल और पहुंचने के समय का पूर्व आकलन करने में मदद मिली है। जिससे व्यापक जनहानि को टाला जा सका है।
    वर्ष 1999 में ओडिशा में आये भयावह तूफान से हुई तबाही से सबक लेकर हम राहत व बचाव का तंत्र विकसित करने में कामयाब हुए हैं, जिसके चलते लाखों जिंदगियां बचाने में सहायता मिली है। चक्रवाती तूफान की आशंका को देखते हुए सीमावर्ती इलाकों से करीब एक लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया था। इसके अलावा समुद्र तट से सटे इलाकों में मानवीय गतिविधियों पर रोक लगाकर खतरे को टालने का प्रयास किया गया। यूं तो तूफान से ज्यादा प्रभावित होने वाले गुजरात के समुद्री तट से लगे जिले हैं, लेकिन बाद में इस तूफान के राजस्थान की तरफ बढऩे की आशंका है। बहरहाल, तूफान के लैंडफॉल के बाद तटवर्ती इलाकों में हालात तेजी से बदले और तीर्थस्थली द्वारका,जामनगर, मोर्बी व राजकोट में भारी बारिश और तेज हवाओं का असर देखा गया था। जिसके चलते खंबे व पेड़ गिरने से बिजली व दूरसंचार सेवाएं पूरी तरह से ठप हो गई थी। तूफान से संरचनात्मक विकास को काफी नुकसान पहुंचा है। वहीं फसलों की भी व्यापक क्षति की खबरें तटवर्ती इलाकों से आई। गुजरात के साथ ही मुंबई के हालात भी गंभीर देखे गये और लोगों को तटवर्ती इलाकों में जाने से मना किया गया था।
    यह अच्छी बात है कि तूफान की सटीक जानकारी मिलने के बाद हजारों होर्डिंग्स को उतारने, मछली पकडऩे की गतिविधियों पर रोक लगाने व बड़े जहाजों को तट से काफी दूर पहुंचाने के काम में तेजी लाई गई है। बहरहाल, तटवर्ती इलाकों में तेज हवाओं व बारिश से जन-जीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त है। समुद्र में लो टाइड के बावजूद उठती तेज लहरें तूफान के रौद्र की कहानी बता रही हैं। यही वजह है गुजरात के अलावा महाराष्ट्र, केरल व राजस्थान में हाई अलर्ट जारी किया गया है। कच्छ का इलाका इस प्राकृतिक आपदा से सबसे ज्यादा प्रभावित होने की आशंका जतायी जा रही हैं। जाखू पोर्ट के पश्चिम में लैंडफॉल के बाद सरकारों ने राहत-बचाव की निगरानी युद्ध स्तर पर शुरू कर दी है।
    बहरहाल, बिपारजॉय से निबटने के लिये की गई तैयारियां आश्वस्त करती हैं कि भविष्य में आने वाली किसी भी तरह की चुनौती से मुकाबले के लिये हमारा तंत्र सजग व सतर्क है। दरअसल, ग्लोबल वार्मिंग के चलते दुनिया में मौसम के मिजाज में आये तीव्र बदलाव के बाद नये चक्रवाती तूफानों की पुनरावृत्ति की प्रबल आशंका है।
Advertisement Carousel
Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
July 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
2728293031