रायपुर। त्योहारी सीजन में भी ट्रेनों का रद्द होने का सिलसिला नहीं थमने का असर यात्रियों पर पड़ रहा है। लंबी दूरी की जो ट्रेनें चल रही है, वह नवरात्र पर्व से लेकर दशहरा-दिवाली तक पूरी तरह से पैक है। अधिकांश ट्रेनों में लंबी वेटिंग चल रही है। ऐसे हालात में यात्रियों को सफर के लिए मशक्कत करनी पड़ रही है। रायपुर रेलवे स्टेशन से होकर आने-जाने वाली सभी ट्रेनों में यात्रियों की आवाजाही बढ़ रही है। खासतौर पर डोंगरगढ़ और बिलासपुर में रतनपुर माता का दर्शन करने के लिए लोग समूह में निकल रहे हैं। बावजूद रेलवे प्रशासन ने अब तक गेवरारोड से रायपुर के बीच चलने वाली ट्रेन का विस्तार डोंगरगढ़ स्टेशन तक नहीं किया। जितनी ट्रेनें चल रही हैं, उनमें भी सफर करना आसान नहीं हैं, क्योंकि स्लीपर कोच से लेकर जनरल कोचों में पैर रखने तक की जगह यात्रियों को नहीं मिल रही है। पटना-सिकंदराबाद, हैदराबाद-पटना, सिकंदराबाद-पटना, हैदराबाद-दरभंगा जैसी लंबी दूरी की ट्रेनों के यात्रियों का रिजर्वेशन टिकट रद होने से उन्हें अब इन्हीं ट्रेनों में दोबारा रिजर्वेशन कराना पड़ रहा है, क्योंकि इन ट्रेनों की रद की तारीखें खत्म हो गई हैं। रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि राउरकेला ब्लाक की वजह से जिन पांच एक्सप्रेस ट्रेनों पटना-सिकंदराबाद, हैदराबाद-पटना, सिकंदराबाद-पटना, हैदराबाद-दरभंगा आदि को रद्द किया गया था, वे सभी ट्रेनें पटरी पर लौट रही हैं।यह यात्रियों को काफी राहत देगी। रायपुर, बिलासपुर होकर चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों में सबसे ज्यादा यात्रियों की भीड़ होती है।यही वजह है कि सिकंदराबाद-पटना एक्सप्रेस में दो महीने पहले का रिजर्वेशन में भी वेटिंग चल रही है।

पुरी-सूरत एक्सप्रेस में एक थर्ड एसी इकानामी कोच

त्योहारी सीजन में रायपुर स्टेशन से होकर आने-जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की आवाजाही बढ़ने लगी है। इसे देखते हुए रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को कंफ़र्म बर्थ की सुविधा देने के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से होकर चलने वाली ट्रेन नंबर 22827/22828 पुरी-सूरत-पुरी एक्सप्रेस में एक थर्ड एसी इकानामी कोच अस्थायी रूप से लगाया है। यह सुविधा ट्रेन नंबर 22827 पुरी-सूरत एक्सप्रेस में 15 अक्टूबर को मिली है जबकि सूरत तरफ से 17 अक्टूबर को अतिरिक्त कोच की सुविधा यात्रियों को मिलेगी।

डोंगरगढ़-दुर्ग मेमू का रायपुर तक विस्तार

इन दिनों नवरात्रि के शुरुआत से ही रायपुर समेत आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से सुबह और शाम वाली लोकल ट्रेनों में देवी दर्शन करने वालों श्रद्वालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। हालत यह है कि किसी ट्रेन में पैर रखने तक की जगह नहीं है।यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रायपुर-सिकंदराबाद एक्सप्रेस को दोनों तरफ से डोंगरगढ़ स्टेशन में स्टापेज घोषित किया है।इसी तरह दुर्ग से चलने वाली नवतनवा एक्सप्रेस आते-जाते मैहर स्टेशन में रुकते ही चलेगी।यहां शारदा माता मंदिर में नवरात्रि पर मेले में छत्तीसगढ़ के कोने-कोने से लोगों की भारी भीड़ उमड़ती है।

इन राज्यों की ओर जाने वाली ट्रेनों में वेटिंग

रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि बिहार, झारखंड, उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, जम्मू कश्मीर, राजस्थान, आंध्रप्रदेश आदि राज्यों की ओर जाने वाली अधिकांश ट्रेनों में दिवाली तक लंबी वेटिंग है।इसके कारण दीवाली और छठ पर्व पर सपरिवार अपने गृहग्राम जाने वाले यात्रियों को काफी दिक्कते हो रही है।

Advertisement Carousel
Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
June 2026
M T W T F S S
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728
2930