उत्तर प्रदेश के संभल से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. एक दूल्हा ने शादी के दिन बारात लाने से इंकार कर दिया. इसके बाद दुल्हन थाने पहुंच गई और दूल्हे के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. भनक लगते ही दूल्हा बुधवार को बारात लेकर दुल्हन के घर पहुंच गया. फिर विधि-विधान से शादी संपन्न होने के बाद दुल्हन को लेकर विदा हो गया.
दरअसल, जुनावई थाना इलाके के मैडोली गांव के रहने वाले रघुनंदन ने अपनी बेटी की शादी दफ्थरा गांव के रहने वाले नेमपाल के साथ तय की थी. रिश्ता तय होने के बाद कुछ शर्तो को लेकर दूल्हा और दुल्हन पक्ष के बीच सहमति नहीं बनी, तो शादी की दो बार तारीख बदली गई. इसके बाद 28 फरवरी शादी की तारीख तय हुई. फिर दुल्हन पक्ष ने बारात के स्वागत के लिए तैयारी की.
दुल्हन ने दूल्हे और उसके परिजन को सबक सिखाने की ठानी
मगर, 28 फरवरी की रात दूल्हा पक्ष ने बारात लेकर आने से इनकार कर दिया. इसके बाद दुल्हन ने दूल्हे नेमपाल और उसके परिजन को सबक सिखाने की ठान ली. फिर दुल्हन और उसके परिजन दूल्हे के खिलाफ कार्रवाई के लिए जुनावई थाने पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी. फिर पुलिस अधिकारियों के द्वारा सीओ गुन्नौर और थाना पुलिस को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए.
दुल्हन के पिता रघुनंदन की तरफ से पिछले दिनों पुलिस को दिए गए शिकायती पत्र में दूल्हे के द्वारा बारात नहीं लेकर आने के पीछे दहेज में बोलेरो कार और दो लाख रुपए की डिमांड करने का आरोप लगाया था. साथ ही आरोप था कि रिश्ता तय होने के बाद युवक नेमपाल ने उनकी बेटी के साथ शारीरिक संबंध भी बनाए थे. युवती के पिता का दावा था कि वह 6 लाख का सामान भी दे चुका है.
दो बार धोखा दे चुका था दूल्हा
बताया जा रहा है कि रघुनंदन ने जब अपनी बेटी का रिश्ता पिछले साल तय किया था, तो शादी की पहली तारीख मई महीने की तय हुई थी. लेकिन उस समय दूल्हे ने शादी से इंकार कर दिया था. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई, तो एक बार फिर शादी की तारीख जून महीने की तय हुई. इस दौरान भी दूल्हे ने एक बार फिर दुल्हन पक्ष को धोखा दे दिया और बारात लाने से इनकार कर दिया. फिर दूल्हा पक्ष ने शादी के लिए थोड़ा समय मांगा और 28 फरवरी 2024 की तारीख तय हुई थी.
कार्रवाई की भनक लगते ही बारात लेकर पहुंचा दूल्हा
पुलिस अधिकारियों के द्वारा दूल्हे की हरकत को लेकर दिए गए कार्रवाई के निर्देश के बाद थाना पुलिस के द्वारा कार्रवाई करने की भनक जैसे ही दूल्हे पक्ष को लगी, तो दूल्हा नेमपाल ने तुरंत ही बारात लेकर आने की खबर दुल्हन पक्ष को भिजवा दी. इसके बाद बुधवार को दूल्हा नेमपाल अपने दो दर्जन बारातियों के साथ बारात लेकर मैडोली गांव में पहुंच गया. इसके बाद विधि विधान से शादी संपन्न हुई. फिर दूल्हा-दुल्हन आशीर्वाद लेकर विदा हुए.
मामले में पुलिस ने कही ये बात
सीओ गुन्नौर आलोक सिद्धू ने बताया कि दूल्हे के द्वारा बारात नहीं लेकर आने के मामले में पिछले दिनों एक शिकायती पत्र दिया गया था. इसके बाद बुधवार को दूल्हा और दुल्हन की शादी शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई है और दोनों पक्ष अब शांत है. वहीं, जुनाबई थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि दफ्थरा गांव के रहने वाले युवक की पत्नी की हादसे में मौत हो जाने के बाद उसका रिश्ता छोटी साली के साथ तय हुआ था. लेकिन बीच में युवक पक्ष की तरफ से शादी करने से इनकार कर दिया गया था. मगर, बुधवार को दोनों की शादी संपन्न हुई है.

Advertisement Carousel
Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31