पाकिस्तान में बच्चों के सामने ही एक महिला के साथ गैंगरेप की घटना के बाद लोगों का गुस्सा भड़क उठा है। मामले की जांच कर रहे अधिकारी ने महिला को ही घटना के लिए जिम्मेदार ठहराने की कोशिश की है। पीडि़त महिला फ्रांस की रहने वाली है। वहीं, कुछ ही दिन पहले कराची में एक 5 साल की लड़की को किडनैप कर लिया गया था और फिर रेप के बाद हत्या कर दी गई थी। रेप की नई घटना लाहौर के पास की है।

फ्रांस की रहने वाली महिला खुद कार ड्राइव करके जा रही थी। हाईवे से गुजरने के दौरान कार बंद हो गई। रात के 1.30 बजे कम से कम 2 लोग वहां पहुंचे और कार की खिड़की तोड़कर महिला और उनके दो बच्चों को खींच ले गए। बच्चों के सामने ही महिला के साथ कई बार रेप किया गया। अपराधियों ने महिला की ज्वैलरी, कैश और बैंक कार्ड भी लूट लिए। बताया जाता है कि कार में तेल खत्म हो जाने के बाद महिला ने पुलिस को फोन किया था और सहायता मिलने का इंतजार कर रही थी। वहीं, मामले में 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। घटना को लेकर पाकिस्तान में लोग सड़कों पर उतर आए हैं। प्रशासन के खिलाफ कई और प्रदर्शन आयोजित किए जा रहे हैं।