देश के कई राज्यों में बारिश का दौर लगातार जारी है। मौसम विभाग ने आज कर्नाटक, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, केरल, पश्चिम बंगाल और राजस्थान सहित सात राज्यों में भारी वर्षा की संभावना की भविष्यवाणी करते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राजस्थान में अगले 24 घंटे के दौरान जोधपुर, अजमेर और बीकानेर संभागों के कुछ हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है।
आईएमडी ने बताया कि अगले 4-5 दिन के दौरान जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान में तेज बारिश हो सकती है।
मौसम बुलेटिन में कहा गया है कि मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में मध्यम वर्षा होने की संभावना है। अगले 7 दिनों के दौरान मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और सौराष्ट्र और कच्छ में छिटपुट बारिश होगी। कोंकण और गोवा और गुजरात क्षेत्र में छिटपुट से लेकर व्यापक वर्षा हो सकती है।
मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिम बंगाल में 18 अगस्त, बिहार, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 21 अगस्त तक, झारखंड में 20 अगस्त तक, ओडिशा में 20 अगस्त तक बारिश जारी रहेगी। असम और मेघालय में 19 से 21 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग ने तमिलनाडु, लक्षद्वीप और पुडुचेरी में 19 अगस्त तक, केरल में 19 अगस्त को, आंध्र प्रदेश में 17 अगस्त तक और कर्नाटक में 17 अगस्त को भारी बारिश की भविष्यवाणी की है।
दिल्ली के क्षेत्रीय मौसम विभाग ने राष्ट्रीय राजधानी में दिन के दौरान आमतौर पर बादल छाए रहने और गरज के साथ हल्की बारिश की भविष्यवाणी की है। राष्ट्रीय राजधानी में अगस्त के महीने में लगातार 15 दिन तक बारिश हुई। मौसम विभाग ने यह जानकारी देते हुए बताया कि दिल्ली में अगस्त की शुरुआत से लेकर शुक्रवार तक हल्की से लेकर भारी बारिश हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के आंकड़ों से पता चला है राजधानी में एक अगस्त से 15 अगस्त बृहस्पतिवार के बीच हर दिन बारिश हुई है।
बिहार में भले ही गंगा के जलस्तर में कमी आई हो, लेकिन गंगा सहित प्रदेश की प्रमुख नदियां अभी भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। इस बीच, भागलपुर, मुंगेर, मधेपुरा सहित कुछ जिलों के स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र जलमग्न हो गए हैं, इससे पठन पाठन का कार्य बाधित हुआ है। बिहार में कोसी, गंगा के दियारा क्षेत्रों में बाढ़ का पानी भरा हुआ है।

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031