रायपुर । रायपुर के भनपुरी स्थित रामेश्वरम नगर में शुक्रवार रात घरेलू विवाद के बाद बड़ा हादसा हो गया। झगड़े के बाद गुस्से में पति ने घर में आग लगा दी, जिससे घर में रखे सिलेंडर में भीषण विस्फोट हो गया। इस घटना में पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 पुलिसकर्मी और 2 पड़ोसी घायल हो गए।

झगड़े की सूचना पर पहुंची थी पुलिस
खमतराई थाना प्रभारी शिवनारायण सिंह ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे पुलिस को भनपुरी में पति-पत्नी के झगड़े की सूचना मिली थी। शिकायत थी कि पति ने पत्नी पर चाकू से हमला किया है। पुलिस की पेट्रोलिंग टीम तुरंत मौके पर पहुंची। हालांकि, जांच में यह दावा गलत पाया गया।

पुलिस ने पति-पत्नी के बीच सुलह कराने की कोशिश की और महिला व बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस दौरान जब पुलिसकर्मी और पड़ोसी पति को समझाने की कोशिश कर रहे थे, तभी उसने घर में आग लगा दी।

सिलेंडर ब्लास्ट से मची तबाही
आग लगने के कुछ ही देर बाद घर में रखा सिलेंडर फट गया। विस्फोट इतना तेज था कि आसपास के लोग सहम गए। आग में झुलसने से पति की मौत हो गई, जबकि घटना में दो पुलिसकर्मी और दो पड़ोसी गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों का इलाज जारी
घटना में घायल पुलिसकर्मियों में हेमंत गिलहरे और विकास सिंह शामिल हैं। वहीं, पड़ोसियों में विक्रम ठाकुर और चेतन योगी को भी चोटें आई हैं। सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना के बाद खमतराई पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया और मर्ग इंटीमेशन दर्ज किया। पुलिस परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर आगे की जांच कर रही है।

घरेलू विवाद बना हादसे की वजह
पुलिस ने बताया कि यह मामला घरेलू विवाद का था, जिसमें झगड़े के बाद पति ने आगजनी जैसा खतरनाक कदम उठाया। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है, और पुलिस द्वारा जांच जारी है।

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031