नई दिल्ली। हाथरस कांड को लेकर सियासत उफान पर है. लखनऊ से लेकर दिल्ली और देश के अलग-अलग शहरों में प्रदर्शन हो रहे हैं. कांग्रेस लगातार यूपी की योगी सरकार पर हमलावर है. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी एक बार फिर हाथरस जा रहे हैं. वो दिल्ली स्थित कांग्रेस दफ्तर से अन्य नेताओं के साथ निकल गए हैं. वहीं, दूसरी तरफ यूपी पुलिस एक्टिव मोड में आ गई है. दिल्ली से हाथरस जाने के लिए राहुल गांधी पूरे लाव-लश्कर के साथ निकले. डीएनडी पहुंचे राहुल की कार खुद बहन प्रियंका गांधी खुद चला रही हैं. राहुल और प्रियंका के साथ 35 सांसदों का डेलीगेशन जा रहा है. सांसद दो बसों में सवार हैं. नोएडा बॉर्डर पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है. डीएनडी पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है. कांग्रेस के कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में डीएनडी पहुंच चुके हैं. ये सभी लोग नोएडा होते हुए हाथरस जाने का प्रयास कर रहे हैं. दूसरी तरफ, राजधानी लखनऊ में यूपी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को हाउस अरेस्ट कर लिया गया है. लखनऊ के बहुखंडी स्थित लल्लू के आवास पर भी भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. आवास पर तैनात पुलिसकर्मी अजय लल्लू को कहीं भी आने-जाने की इजाजत नहीं दे रहे हैं. बताया जाता है कि अजय लल्लू के आवास पर आधी रात के बाद 1 बजे से ही भारी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. हालांकि, पुलिस का कहना है कि अजय कुमार लल्लू की सुरक्षा को देखते हुए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. अजय लल्लू को हाउस अरेस्ट ऐसे समय में किया गया है, जब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने हाथरस जाने का ऐलान किया है. राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा है कि उन्हें हाथरस जाकर पीड़िता के परिजनों से मिलकर उनका दर्द बांटने से कोई नहीं रोक सकता. राहुल गांधी के साथ उनकी बहन प्रियंका गांधी भी होंगी. गौरतलब है कि गुरुवार को ग्रेटर नोएडा में उस वक्त काफी बवाल हुआ था जब राहुल गांधी और प्रियंका गांधी एक्सप्रेसवे होते हुए हाथरस जाने की कोशिश कर रहे थे. नोएडा पुलिस ने उन्हें जाने की इजाजत नहीं दी थी. राहुल के साथ धक्कामुक्की तक की नौबत आ गई थी. घंटों के ड्रामे के बाद पुलिस ने राहुल और प्रियंका को हिरासत में लिया था और बाद में छोड़ दिया गया था.

Advertisement Carousel
Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
July 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
2728293031