रायपुर। बेमेतरा जिला पंचायत सदस्य एवं सभापति राहुल टिकरिहा ने राष्ट्रपति महामहिम रामनाथ कोविंद को पत्र लिखा है। राष्ट्रपति को लिखे पत्र में राहुल ने अनाचार के हर मामले के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट गठन का आग्रह किया है।

पत्र में उन्होंने आगे लिखा है कि देश में बच्चियों व महिलाओं के साथ अनाचार की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही है। महिला अपराध के मामले में सरकारें गंभीर नहीं है। महिलाओं को न्याय दिलाने के बजाये राजनैतिक पार्टियां एक-दूसरे पर दोषारोपण करने के साथ-साथ प्रदर्शन के नाम पर देश का माहौल खराब कर रही है। इसलिए आपसे निवेदन है कि अनाचार पीडि़त को समय सीमा में न्याय मिल सके, इसके लिए अनाचार के हर मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में भेजने के साथ आरोपियों को फांसी की सजा सुनिश्चित करने की कृपा करेंगे। राष्ट्रपति को लिखे गए पत्र की प्रतिलिपि प्रधानमंत्री एवं राज्यपाल को भी प्रेषित किया गया है।


















