प्रवासियों की हत्या और मानव तस्करी से जुड़ा एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। लीबिया में पुलिस को दक्षिण-पूर्वी रेगिस्तान के एक खेत में दो सामूहिक कब्रें मिली हैं, जिनमें 49 शव दफन थे। माना जा रहा है कि ये सभी प्रवासी यूरोप जाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन मानव तस्करों ने उन्हें मौत के घाट उतार दिया। इनमें से कई को गोली मारकर मारा गया था। लीबिया के सुरक्षा निदेशालय के अनुसार, पहली सामूहिक कब्र दक्षिण-पूर्वी शहर कुफरा में एक खेत में मिली। इस कब्र से 19 शव निकाले गए। पुलिस ने फेसबुक पर तस्वीरें साझा की हैं, जिनमें अधिकारी और चिकित्सा कर्मी रेत में खुदाई कर शव निकालते दिख रहे हैं।

एक अन्य कब्र की खोज तब हुई जब अधिकारियों ने कुफरा में मानव तस्करी से जुड़े एक केंद्र पर छापा मारा। इस कब्र में 30 शव मिले हैं। स्थानीय चैरिटी संगठन अल-अबरीन के मुताबिक, मरने वालों में से कई को मौत से पहले गोली मारी गई थी। बचे हुए कुछ प्रवासियों ने पुलिस को बताया कि इस कब्र में कुल 70 लोग दफन थे, जिनमें से कुछ के शव अभी भी नहीं मिले हैं। लीबियाई अधिकारियों ने छापेमारी के दौरान 76 प्रवासियों को तस्करों के चंगुल से छुड़ाया और तीन लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि पूरे इलाके में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है और अन्य संभावित सामूहिक कब्रों की जांच की जा रही है।

अफ्रीका और मध्य पूर्व से यूरोप जाने वाले हजारों प्रवासी लीबिया के रास्ते भूमध्य सागर पार करने की कोशिश करते हैं। लेकिन लीबिया में चल रहे राजनीतिक अस्थिरता और गृहयुद्ध का फायदा उठाकर मानव तस्कर उन्हें शोषण का शिकार बना रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट के अनुसार, लीबिया में प्रवासियों को अपहरण, शारीरिक यातनाओं, दुष्कर्म और अन्य अमानवीय अत्याचारों का सामना करना पड़ता है। तस्कर उनके परिवारों से फिरौती वसूलते हैं और जब वे ज्यादा कमाने लायक नहीं रहते, तो उन्हें मारकर सामूहिक कब्रों में दफना दिया जाता है।

यह पहली बार नहीं है जब लीबिया में प्रवासियों की सामूहिक कब्रें मिली हैं। पिछले साल त्रिपोली से 350 किलोमीटर दक्षिण में शुआरिफ क्षेत्र में 65 प्रवासियों के शव बरामद हुए थे। यूरोप में बेहतर जिंदगी की उम्मीद में हजारों प्रवासी अपना घर छोड़कर खतरनाक सफर पर निकलते हैं। लेकिन तस्करों द्वारा उनके साथ अमानवीय व्यवहार किया जाता है। उन्हें छोटी नावों में भरकर भूमध्य सागर पार कराने की कोशिश की जाती है, जिससे कई बार नावें डूबने से उनकी मौत हो जाती है। लीबिया में मिली इन कब्रों ने एक बार फिर प्रवासियों की दर्दनाक स्थिति को उजागर कर दिया है। अब देखना यह होगा कि लीबियाई सरकार और अंतरराष्ट्रीय संगठन इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए क्या कदम उठाते हैं।

Advertisement Carousel
Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930