मध्य प्रदेश में बीच सड़कों पर घूम रहे आवारा कुत्तों का आतंक कम होने का नाम नहीं ले रहा। हाल ये हो गए हैं कि दिनों-दिन स्ट्रीट डॉग्स की बढ़ती आबादी के कारण कुत्तों के काटने के मामले में भी तेजी आ रही है। ताजा मामला अब मुरैना से सामने आया है। जहां एक पागल कुत्ते ने 3 साल की मासूम बच्ची पर जानलेवा हमला किया।
क्या है मामला
मामला कैलारस थाना क्षेत्र के सुजानगढ़ी गांव का है। जहां पागल कुत्ते का आतंक देखने को मिला। घर के बाहर खेल रही 3 साल की मासूम बच्ची पर कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया। फिर मासूम के मुंह को अपने जबड़े में दबाया और खींच कर ले जाने लगा, तभी ताई (चाची ) ने बच्ची को जैसे तैसे छुड़ाया और उसकी जान बचाई।
घटना के तुंरत बाद परिजन मासूम को अस्पताल लेकर पहुंचे। लेकिन हालत गंभीर होने के कारण मासूम को जिला अस्पताल से ग्वालियर रैफर किया है। घटना में मासूम के होंठ, आंख, गाल पर गहरे घाव आए हैं। बताया जा रहा है कि, मासूम बच्ची को 25 से अधिक टांके आए हैं। फिलहाल उसका इलाज किया जा रहा है।














