राजनांदगांव। जिला मुख्यालय से लगभग 10 किलोमीटर दूर ग्राम परेवाडीह-भाठागांव से तुमड़ीलेवा जाने वाले मार्ग पर राईस मिल खोलने को लेकर उठा विवाद लगातार गहराता जा रहा है। इस पूरे मामले में असहाय ग्रामीण और किसानों के साथ खड़ी राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस यूथ के जिला अध्यक्ष आशीष रामटेके ने आरोप लगाया है कि किसानों के खेतों के समीप गुपचुप तरीके से राईस मिल शुरू करने के लिए नियम-कानूनों को ताक पर रख दिया गया है। ग्रामीणों की कई बार शिकायत व आपत्ति के बावजूद प्रशासन की ओर से कार्रवाई नहीं की जा रही है और राईस मिल का निर्माण कार्य जारी है, जिससे किसान आहत और आक्रोशित हैं। इस मामले को लेकर अब 27 अक्टूबर को चक्काजाम करने की तैयारी की जा रही है। ग्राम पंचायत तुमड़ीलेवा के आश्रित ग्राम परेवाडीह व आसपास के ग्रामवासियों के मुताबिक उक्त राईस मिल के बनने से खेती-किसानी का कार्य प्रभावित होगा। वहीं किसानों को आवागमन में असुविधा होगी, इसीलिए ग्रामीण राईस मिल का शुरू से विरोध कर रहे हैं। इस संबंध में प्रशासन को भी कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन कार्रवाई नहीं की गई।

ग्रामीणों का नेतृत्व करते हुए राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष आशीष रामटेके का कहना है, राईस मिल शुरू करने से होने वाली परेशानियों को लेकर ग्रामीण ग्राम सभा में चर्चा करना चाहते हैं, इसके लिए प्रशासन से अनुमति भी मांगी गई है, लेकिन प्रशासन की ओर से अपील को भी नजर अंदाज किया जा रहा है। इसीलिए ग्रामीण अब मजबूर होकर चक्काजाम करने की तैयारी में हैं। इस संबंध में ग्रामीणों ने प्रशासन को सूचित भी कर दिया है किए गुपचुप तरीके से राईस मिल खोले जाने तथा इस मामले में प्रशासन की उदासीनता के विरोध में राजनांदगांव-खैरागढ़ मार्ग पर तिलई गांव के पास 27 अक्टूबर को सुबह 11 बजे चक्काजाम किया जाएगा। इसके बाद भी यदि राईस मिल के निर्माण में हस्तक्षेप नहीं किया गया तो उग्र विरोध प्रदर्शन पर विचार किया जाएगा। इस संबंध में राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष आशीष रामटेके ने कहा कि उक्त निर्माणाधीन राईस मिल के विरोध में जिलाधीश को दो बार ज्ञापन भी सौंपा जा चुका है, लेकिन निर्माण कार्य बदस्तूर जारी है। इस मामले में राजनांदगांव जनपद पंचायत सीईओ सहित एसडीएम एवं उद्योग विभाग के जिम्मेदारी अधिकारियों से भी चर्चा की गई, लेकिन किसी ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। इससे ग्रामीण आक्रोशित हैं।

Advertisement Carousel
Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
May 2026
M T W T F S S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031