प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अनिल अंबानी के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले में बड़ी कार्रवाई की है. ED ने अनिल अंबानी और उनके रिलायंस ग्रुप से जुड़ी 40 से ज्यादा संपत्तियां जब्त की हैं. इन संपत्तियों की कीमत 3 हजार करोड़ रुपये से भी अधिक आंकी गई है. जब्त की गई संपत्तियों में अनिल अंबानी का मुंबई के पाली हिल स्थित आलीशान घर और दिल्ली का रिलायंस सेंटर ऑफिस भी शामिल है. इसके अलावा नोएडा, गाजियाबाद, मुंबई, पुणे, ठाणे, हैदराबाद, चेन्नई, कांचीपुरम और पूर्वी गोदावरी में फैली कई अन्य संपत्तियों को ED ने अस्थायी रूप से अटैच किया है.
अनिल अंबानी के रिलायंस ग्रुप पर आरोप है कि उसने रिलायंस होम फाइनेंस लिमिटेड (RHFL) और रिलायंस कॉमर्शियल फाइनेंस लिमिटेड (RCFL) के पब्लिक फंड का दुरुपयोग किया. ED के मुताबिक मनी लॉन्ड्रिंग के जरिए इन फंड को डायवर्ट किया गया.ED के अधिकारियों ने 31 अक्टूबर को धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत अनिल अंबानी और उनके समूह से जुड़ी संपत्तियों को जब्त करने का आदेश दिया था.














