भुवनेश्वर: ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने पूर्व मुख्यमंत्री और विपक्ष के नेता नवीन पटनायक के खिलाफ बड़ा कदम उठाया है। सीएम माझी ने नवीन पटनायक और उनके करीबी सहयोगी और रिटायर आईएएस अधिकारी वीके पांडियन और आईपीएस अधिकारी रवि कांत की ओर से 2022-23 और 2023-24 के दौरान की गई विदेश यात्राओं की जांच के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार इस मामले की जांच सामान्य प्रशासन विभाग के प्रधान सचिव सुरेश कुमार वशिष्ठ करेंगे।

सीएम ने क्यों उठाया कदम?

दरअसल मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने ओडिशा के अलग-अलग सामाजिक कार्यकर्ताओं और आरटीआई कार्यकर्ताओं की ओर से दर्ज कराई गई शिकायतों के आधार पर यह जांच कराने का आदेश दिया है। सीएमओ ने कहा कि अलग-अलग सामाजिक कार्यकर्ताओं की शिकायतों के अनुसार, पूर्व मुख्यमंत्री पटनायक, रिटायर आईएएस अधिकारी पांडियन और आईपीएस अधिकारी रविकांत ने 2022-23 और 2023-24 के दौरान कई विदेश यात्राएं की थीं।

क्या है आरोप?

कार्यकर्ताओं का आरोप है कि जापान और इटली की इन यात्राओं पर हुए खर्च का जो विवरण अलग-अलग आरटीआई आवेदनों के जरिए मिला है, वह संदिग्ध, अपारदर्शी और अधूरा है। सीएमओ ने कहा कि उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि इन यात्राओं से जुड़ी जानकारी जानबूझकर गुप्त रखी गई, जिसके कारण उपलब्ध रिकॉर्ड में विसंगतियां (कमियां) आ गई हैं। मुख्यमंत्री ने तथ्यों का पता लगाने और सच्चाई सामने लाने के लिए जांच के निर्देश दिए हैं।

सरकार के फैसले का स्वागत

आरटीआई कार्यकर्ताओं के राज्यस्तरीय मंच ‘ओडिशा सूचना अधिकार अभियान’ (ओएसएए) के राज्य संयोजक प्रदीप कुमार प्रधान ने सरकार के इस फैसले का स्वागत किया है। जिसमें उनकी लंबे समय से चली आ रही मांगों को माना गया है। प्रधान ने कहा कि हम सरकार के फैसले का स्वागत करते हैं, लेकिन जांच के नतीजों को लेकर हमें संदेह है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री पटनायक की 2022 में इटली और 2023 में जापान की यात्राओं पर कई करोड़ रुपए खर्च किए गए। इन यात्राओं में उनके निजी सचिव पांडियन भी साथ थे। प्रधान ने यह भी आरोप लगाया कि जून 2022 में इटली और दुबई की गई यात्राओं के उद्देश्य और नतीजों के बारे में न तो नेताओं ने और न ही सरकारी एजेंसियों ने कोई जानकारी दी 

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30