What's Hot

नीमराणा कस्बे के हीरो चौक स्थित यदुवंशी कॉलोनी में जय गेस्ट हाउस के बेसमेंट में आग लगने से वहां सो रहे पांच युवक झुलस गए। हादसे में गंभीर रूप से घायल एक युवक की उपचार के दौरान जिला अस्पताल बहरोड़ में मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक को गंभीर हालत में जयपुर रेफर किया गया है। घटना के बाद औद्योगिक क्षेत्र सहित पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

जानकारी के अनुसार रात करीब 2:51 बजे 108 कंट्रोल से आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही नीमराणा थानाधिकारी राजेशकुमार मीणा पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। आग गेस्ट हाउस के बेसमेंट स्थित कमरा नंबर 101, 102, 104, 105 और 106 में लगी हुई थी, जहां युवक सो रहे थे।

आग लगते ही बेसमेंट में घना धुआं भर गया। इसी दौरान पुलिस थाना नीमराणा में तैनात कांस्टेबल सतनाम सिंह ने मुंह पर मफलर बांधकर धुएं से भरे बेसमेंट में प्रवेश किया। सतनाम सिंह ने अलग-अलग कमरों में फंसे छह लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर बड़ा हादसा टाल दिया। उनकी तत्परता और बहादुरी से कई जिंदगियां बच सकीं। स्थानीय लोगों व अधिकारियों ने उनके साहस की सराहना की है।

सभी को तत्काल नीमराणा के निजी अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से पिंटू कुमार की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल बहरोड़ ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जगदीश की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जयपुर रेफर किया गया है। गोविंद और गोपी सोनी का उपचार नीमराणा के निजी अस्पताल में चल रहा है, जबकि अन्य घायलों की हालत सामान्य बताई जा रही है। मृतक का शव जिला अस्पताल बहरोड़ की मोर्चरी में रखवाया गया है। परिजनों के पहुंचने पर पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

थानाधिकारी राजेश कुमार मीणा ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। एएफएसएल रिपोर्ट व फायर सेफ्टी जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी। गेस्ट हाउस को एहतियातन खाली करवा दिया गया है।

Advertisement Carousel
Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31