
रायपुर। छत्तीसगढ़ तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के बैनरतले कर्मचारी आने वाले 26 नवंबर को एक दिवसीय हड़ताल पर रहेंगे। संघ ने राज्य के कर्मचारियों की लंबित मांगों को पूर्ण करने की मांग शासन से की है। संघ के प्रांताध्यक्ष एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राकेश साहू ने बताया कि राज्य शासन के मुख्य सचिव को हड़ताल की नोटिस दे दी गई है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ अखिल भारतीय राज्य कर्मचारी महासंघ से संबद्ध है जो कि पूरे देश में 27 राज्यों के कर्मचारियों के हितों का प्रतिनिधित्व करता है के आव्हान पर 26 नवंबर को सभी राज्यों में देशव्यापी हड़ताल किया जा रहा है। हड़ताल की सूचना मुख्य सचिच छत्तीसगढ़ के मार्फत प्रधानमंत्री कार्यालय को भी दे दी गई है। संघ की प्रमुख मांगों में एनपीएस रद्द कर पुरानी पेंशन योजना बहाल किया जाये, श्रम कानून एवं कृषि कानून में किये गये परिवर्तन वापस लिया जाये, कोविड-19 की रोकथाम में लगे समस्त कर्मचारियों की सुरक्षा बीमा अनिवार्य रूप से किया जाये तथा सभी राज्यों में जीवनरक्षक दवाओं और ऑक्सीजन सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया जाये, ठेका प्रथा पर रोक लगाकर रिक्त पदों पर नियमित भर्ती किया जाये, सार्वजनिक संस्थाओं एवं उपक्रमों के निजीकरण को वापस लिया जाये सहित अन्य मांगो को भी शामिल किया गया है।


















