नई दिल्ली: भारत के ऑटो मार्केट में एक बड़ा उलटफेर हो सकता है। दक्षिण कोरिया की दिग्गज कंपनी हुंडई मोटर इंडिया बिक्री के मामले में अपनी दूसरी पोजीशन खोने वाली है। यह बड़ा बदलाव 2025 के अंत तक देखने को मिल सकता है। ईटी की एक रिपोर्ट के मुताबिक महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) हुंडई को पछाड़कर दूसरे नंबर पर आ जाएगी। हुंडई फिसलकर चौथे नंबर पर पहुंच जाएगी। जनवरी 2019 में सरकारी पोर्टल ‘वाहन’ पर उपलब्ध रजिस्ट्रेशन डेटा के अनुसार हुंडई लगातार दूसरे स्थान पर बनी हुई थी। लेकिन अब यह वह पिछड़ने वाली है। मारुति इस लिस्ट में पहले नंबर पर है।
इस रजिस्ट्रेशन नंबर में इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) मॉडल भी शामिल हैं। अनुमान है कि 2025 के अंत तक महिंद्रा एंड महिंद्रा 557,524 यूनिट्स के साथ दूसरे नंबर पर रहेगी। टाटा मोटर्स के लगभग 541,365 यूनिट्स के साथ तीसरे स्थान पर रहने की उम्मीद है। वहीं हुंडई मोटर इंडिया की बिक्री 520,834 यूनिट्स रहने का अनुमान है। यह पहला मौका होगा जब महिंद्रा एंड महिंद्रा किसी कैलेंडर वर्ष में टाटा मोटर्स और हुंडई दोनों को बिक्री में पीछे छोड़ देगी।














