ढाका। बांग्लादेश आईसीसी से यह अनुरोध करेगा कि उसके टी20 विश्व कप के मैच भारत से हटाकर श्रीलंका में कराए जाएं। भारत और बांग्लादेश के बीच बिगड़ते राजनीतिक संबंधों के चलते बीसीसीआई ने कोलकाता नाइट राइडर्स को निर्देश दिया था कि मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज कर दिया जाए। इसके बाद ही बीसीबी ने यह फ़ैसला लिया है। बांग्लादेश को अगले महीने विश्व कप में अपने पहले तीन मुक़ाबले कोलकाता में खेलने हैं। इस बात के कयास लगाए जा रहे हैं कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड से आईसीसी को पत्र लिखकर कोलकाता में खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर अपनी चिंताएं सामने रखेगा।

शनिवार को बोर्ड डायरेक्टर्स की ज़ूम पर हुई आपात बैठक के बाद बीसीबी की मीडिया कमिटी के चेयरमैन अमजद हुसैन ने ईएसपीएन क्रिकइंफो से कहा, “हमारे टी20 विश्व कप के तीन मैच कोलकाता में हैं। इसलिए आज जो कुछ हुआ है उसे लेकर हम आईसीसी को पत्र लिखेंगे।” बांग्लादेश के खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने कहा कि भारत में टीम की सुरक्षा को लेकर उन्हें संदेह है। बीसीसीआई ने मुस्तफिजुर को आईपीएल से हटाने के पीछे “हालिया घटनाक्रम” का हवाला दिया था। नजरुल ने यह भी कहा कि वह बीसीबी को निर्देश देंगे कि वह मैचों को श्रीलंका शिफ़्ट करने को लेकर आईसीसी से संपर्क करे।

नजरुल ने अपने आधिकारिक फ़ेसबुक पेज पर लिखा, “मैंने बीसीबी से कहा है कि वह पूरे मामले की जानकारी आईसीसी को दे। बोर्ड को यह बताना चाहिए कि जहां एक अनुबंधित बांग्लादेशी क्रिकेटर भारत में नहीं खेल सकता, वहां पूरी बांग्लादेशी टीम विश्व कप खेलने के लिए खु़द को सुरक्षित महसूस नहीं कर सकती। मैंने बोर्ड को यह भी निर्देश दिया है कि वह बांग्लादेश के विश्व कप मैच श्रीलंका में कराने का अनुरोध करे।” नजरुल ने यह भी जोड़ा कि उन्होंने देश के सूचना और प्रसारण मंत्रालय से बांग्लादेश में आईपीएल का प्रसारण बंद करने का अनुरोध किया है।

बीसीसीआई के निर्देशों के बाद केकेआर ने पुष्टि की कि उन्होंने 2026 आईपीएल के लिए अपनी टीम से मुस्तफिजुर को रिलीज कर दिया है। पिछले महीने हुए आईपीएल ऑक्शन में केकेआर ने इस बाएं हाथ के तेज गेंदबाज़ को 9.2 करोड़ रुपए में खरीदा था। हालांकि हाल के दिनों में भारतीय आध्यात्मिक और राजनीतिक नेताओं की ओर से इस चयन को लेकर उन्हें कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ा था।

Advertisement Carousel
Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31