छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में एक बारात डीजे की धुन पर नाचते-गाते दूल्हे के घर की ओर बढ़ रही थी, तभी शिवरीनारायण की ओर से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने बारातियों को रौंद दिया. इस टक्कर में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनमें से एक पुरुष की रीढ़ की हड्डी टूट गई, जबकि दो महिलाओं के पैर और छाती में गंभीर चोटें आई हैं. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और घायल अवस्था में सभी को अस्पताल भर्ती कराया गया है. बिर्रा पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
बारात में घुसा बेकाबू ट्रक
जांजगीर-चांपा जिले में बारात में घुसे ट्रक का जो वीडियो सामने आया है, वो दिल दहला देने वाला है. वीडियो में नजर आ रहा है कि बारात में लोग नाच रहे हैं. महिलाएं और पुरुष बेहद खुश नजर आ रहे हैं. ऐसे में शायद ही किसी ने सोचा होगा कि इतना बड़ा हादसा अगले ही पल होने वाला है. एकाएक एक ट्रक आया और लोगों को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ गया
क्या नशे में था ट्रक ड्राइवर?
ट्रक से टक्कर लगने पर कई लोग गिर गए. जिससे उन्हें गंभीर चोट आई है. हालांकि, अभी तक ये साफ नहीं हुआ है कि आखिर, ट्रक बारात में कैसे घुस गया. क्या, ट्रक के ब्रैक फेल हो गए थे या फिर ड्राइवर नशे में था, जिसकी वजह से उसका ट्रक से कंट्रोल छूट गया. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.














