रश्मि खत्री,देहरादून/ऊखीमठ: ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग श्री केदारनाथ धाम के कपाट आगामी 22 अप्रैल को सुबह आठ बजे वृष लग्न में श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। महाशिवरात्रि के अवसर पर परंपरानुसार केदारनाथ के रावल, रावल भीमाशंकर लिंग सहित अन्य लोगों की उपस्थिति में शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ में पंचांग गणना के बाद कपाटोद्घाटन की तिथि घोषित की गई।
इसी के साथ बाबा केदारनाथ जी की पंचमुखी डोली के केदार प्रस्थान का कार्यक्रम भी घोषित हो गया। इस अवसर पर श्री ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ को भव्य रूप से साढ़े नौ क्विंटल फूलों से सजाया गया। सैंकड़ों श्रद्धालुओं ने इस अवसर पर श्री ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ में दर्शन किए और श्रद्धालुओं के जय श्री केदार के उद्घोष के साथ मंदिर का वातावरण भक्तिमय हो गया।
इस अवसर पर श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कपाट खुलने की तिथि घोषित होने के अवसर पर सभी देश-विदेश के तीर्थयात्रियों को शिवरात्रि की शुभकामनाएं दीं और श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ सहित चारधाम यात्रा के लिए आमंत्रित किया।
बद्रीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को खुल रहे हैं
उन्होंने यात्रा तैयारियों के निर्देश देते हुए कहा कि श्री केदारनाथ धाम की यात्रा आस्था, परंपरा और आजीविका का समन्वित स्वरूप है, जिसमें हक-हकूकधारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। मंदिर समिति परंपराओं और अधिकारों के संरक्षण के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि श्री बद्रीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को खुल रहे हैं। आज श्री केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि निर्धारित होते ही अब बीकेटीसी यात्रा तैयारियों को गति देगी।
बीकेटीसी ने यात्रा तैयारी तेज की
वहीं, बीकेटीसी मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल ने कहा कि श्री बद्रीनाथ और श्री केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि निश्चित होते ही बीकेटीसी ने यात्रा तैयारियां तेजी से की जा रही हैं। मंदिर समिति कार्यालयों, विश्राम गृहों का निरीक्षण भी चल रहा है।
बीकेटीसी मीडिया प्रभारी ने बताया कि आज शिवरात्रि के शुभ अवसर पर शीतकालीन गद्दी स्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ में संपन्न हुए कपाट खुलने की तिथि निर्धारण के कार्यक्रम में भगवान केदारनाथ जी की पंचमुखी डोली यात्रा का केदारनाथ पहुंचने का कार्यक्रम भी घोषित हुआ।
ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ से 19 अप्रैल को फाटा रवाना होगी डोली
उन्होंने बताया कि श्री ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ में 18 अप्रैल को भैरवनाथ जी की पूजा अर्चना संपन्न हो जाएगी। भगवान केदारनाथ जी की पंचमुखी डोली शीतकालीन गद्दी स्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ से 19 अप्रैल को फाटा रवाना होगी। 20 अप्रैल को दूसरे पड़ाव गौरीकुंड और 21 अप्रैल को पंचमुखी डोली श्री केदारनाथ धाम पहुंच जाएगी। 22 अप्रैल को प्रात: 8 बजे इस यात्रा वर्ष श्री केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खुलेंगे।
पुजारी बागेश लिंग अतिरिक्त व्यवस्था में रहेंगे
वहीं, इस यात्रा वर्ष श्री केदारनाथ धाम में एमटी गंगाधर मुख्य पुजारी का दायित्व संभालेंगे। श्री मद्महेश्वर धाम के लिए शिवशंकर लिंग श्री ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ शिवलिंग पूजा व्यवस्था का दायित्व संभालेंगे। पुजारी बागेश लिंग अतिरिक्त व्यवस्था में रहेंगे।














