राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) रायपुर की सांस्कृतिक समिति द्वारा आयोजित वार्षिक सांस्कृतिक उत्सव ‘इक्लेक्टिका 2026’ का रविवार को उत्साहपूर्ण वातावरण में समापन हुआ। तीन दिवसीय महोत्सव के अंतिम दिन संगीत, नाट्य और नृत्य की प्रभावशाली प्रस्तुतियों ने परिसर को जीवंत बना दिया, जहाँ विद्यार्थियों और प्राध्यापकों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली।
समापन दिवस का प्रमुख आकर्षण “अविर्भाव” म्यूजिकल बैंड प्रतियोगिता रही, जिसने पूरे परिसर को सुरों और ताल की ऊर्जा से सराबोर कर दिया। विभिन्न टीमों ने हिंदी और अंग्रेज़ी गीतों के संतुलित संगम के साथ मंच पर अपनी विशिष्ट शैली और संगीत कौशल का सशक्त प्रदर्शन किया। लाइव म्यूज़िक और युवा ऊर्जा से भरे माहौल में दर्शक देर तक झूमते रहे। प्रतियोगिता में ताजगी बैंड, इंदिरा कला एवं संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़, ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि अलौकिक बैंड, आई टी एम यूनिवर्सिटी, द्वितीय स्थान पर रहा।

इसके पश्चात आयोजित “गूंज” नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता ने सामाजिक सरोकारों को प्रभावी ढंग से मंच पर प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान रायपुर की राजभाषा समिति और भिलाई इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, दुर्ग, की टीम ने भाग लिया। राजभाषा समिति की प्रस्तुति सामाजिक, राजनीतिक और पर्यावरणीय चुनौतियों के विरुद्ध एक सशक्त जनजागरण के रूप में उभरी, जिसमें पेपर लीक, भ्रष्टाचार और पर्यावरण विनाश जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। ‘तमाशा’ शीर्षक प्रस्तुति के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन के लिए दर्शक नहीं, बल्कि जागरूक नागरिक बनना आवश्यक है। भिलाई इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, दुर्ग, की टीम ने भी प्रभावशाली अभिनय और सशक्त संवादों से दर्शकों की सराहना अर्जित की। प्रतियोगिता में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) रायपुर प्रथम तथा भिलाई इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, दुर्ग, द्वितीय स्थान पर रहा।

समापन समारोह का उत्साह “कल्ट नाइट” के साथ चरम पर पहुँचा, जहाँ छात्र-छात्राएँ और प्राध्यापक पारंपरिक परिधानों में एक साथ उपस्थित हुए। विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और ऊर्जावान नृत्य प्रदर्शनों ने शाम को यादगार बना दिया। तालियों की गूंज, उल्लास और सांस्कृतिक गौरव की अनुभूति ने पूरे परिसर को उत्सवधर्मी रंग में रंग दिया।
समग्र रूप से, ‘इक्लेक्टिका 2026’ के तीनों दिवस उत्साह, प्रतिभा और सक्रिय सहभागिता के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुए। महोत्सव ने विद्यार्थियों को रचनात्मक अभिव्यक्ति का सशक्त मंच प्रदान करते हुए परिसर में एकता, संस्कृति और उमंग का संदेश सुदृढ़ किया।

Advertisement Carousel
Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
April 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
27282930