कोझिकोड। केरल में कोझिकोड के रामनट्टुकारा के पास शनिवार तड़के सड़क किनारे खड़ी लॉरी से कार की टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार सभी मृतक कार सवार थे। उनकी पहचान रामनट्टुकारा के धिनिल, फेरोके के अजीश, विमल और श्यामलाल के रूप में हुई है। कार में सवार पंथीरंकावु के धिजिल को गंभीर चोटों के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लॉरी ड्राइवर, उस्मान कुट्टी को भी मामूली चोटें आई हैं।
यह हादसा आज तड़के तीन बजे हुआ जब कार कोझिकोड से फेरोके की ओर जा रही थी इस दौरान कार सड़क किनारे खड़ी लॉरी से टकरा गई। दमकल और बचाव कर्मियों ने गैस कटर से कार का दरवाजा काटकर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। नल्लालम पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। शुरुआती रिपोर्ट से पता चला कि कार में सवार लोग एक समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे थे। अधिकारी दुर्घटना का सही कारण पता लगाने के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं।














