चरखी दादरी : जिले के गांव महराणा में प्लाट के गेट पर भैंस के गोबर को लेकर शुरू हुआ विवाद एक व्यक्ति की हत्या तक पहुंच गया। शिकायतकर्ता सुखबीर ने बताया कि वह महराणा गांव का रहने वाला है। उसके 2 भाई हैं। बड़ा भाई मनोज परिवार के साथ रहता है और प्लॉट में पशुओं के पास सोता था।
शुक्रवार की रात करीब 10 बजे मनोज प्लॉट के सामने गली में सो रहा था। इसी दौरान विक्रांत उर्फ कालिया, हिमांशु उर्फ धोलिया, सन्नी उर्फ मोनू, श्रीभगवान और लखीराम 3-4 अन्य लोगों के साथ वहां पहुंचे जिनके हाथों में कुल्हाड़ी, लाठी और उंडे थे। सभी ने मनोज पर जानलेवा हमला कर दिया।
अपने भाई का शोर सुनकर वह भाभी प्रियंका के साथ प्लॉट पर पहुंचा तो आरोपी उन्हें देखकर सभी हथियारों समेत मौके से फरार हो गए। इसके बाद परिजन मनोज को दादरी के निजी अस्पताल ले गए। वहां से उसे पी.जी.आई. रोहतक रैफर कर दिया। गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
सुखबीर ने कहा कि शुक्रवार को दिन में सन्नी उर्फ मोनू अपनी भैंस को पानी पिलाने के लिए उनके पशुओं की खेल पर आया था। इस दौरान उसकी भैंस ने पशुओं के गेट पर गोबर कर दिया। इस पर भाभी प्रियंका ने मोनू को गेट गंदा करने पर टोका था।
इसी बात की रंजिश रखते हुए आरोपियों ने रात में इकट्ठे होकर मनोज पर हमला किया। इस मामले में बाढड़ा पुलिस ने विक्रांत उर्फ कालिया, हिमांशु उर्फ धोलिया, सन्नी उर्फ मोनू, श्रीभगवान और लखीराम समेत अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर हिमांशु, सन्नी और विक्रांत को गिरफ्तार कर लिया है।


















