22 फरवरी को पुणे को विनोद सोलंकी अपनी फैमिली के साथ वेकेशन पर दुबई गए थे. शनिवार (28 फरवरी) को उनकी वापसी की फ्लाइट थी. जो कि रद्द हो गई. इस वजह से वे अपनी मां, पत्नी और दो बच्चों के साथ वहां फंस गए हैं. उन्होंने कहा कि हालात चिंताजनक बन गए हैं. विनोद ने बताया कि दुबई में पब्लिक ट्रांसपोर्ट और खाने की चीजों की सर्विस चालू है. वहीं बुर्ज खलीफा के पास हुए ड्रोन हमले के बाद दुबई मॉल को बंद कर दिया गया है.
विनोद ने कहा कि ईरान की तरफ से लगातार मिसाइल हमले किए गए हैं. हमें लगातार अलर्ट मिल रहा था. साथ ही घर के अंदर और बालकनी से दूर रहने की सलाह दी जा रही थी. उन्होंने बताया कि यह हमले रविवार (1 मार्च) की सुबह तक जारी रहे हैं. बता दें कि विनोद अपने ट्रैवल एजेंट के संपर्क में है औऱ जल्द ही भारत आने के लिए बेताब हैं.
पुणे के डॉक्टर भी दुबई में फंसे
वहीं दूसरी तरफ पुणे में दांतो के डॉक्टर निखिल असावा भी फंसे हुए हैं. वे 23 फरवरी को छुट्टियां मनाने के लिए दुबई गए थे. रविवार को उनकी भी फ्लाइट रद्द कर दी गई है. उन्होंने बताया कि किसी भी नागरिक के मारी जाने की कोई खबर नहीं है, लेकिन हमलों की आवाज लगातार सुनाई दे रही है. निखिल अपनी पत्नी के साथ दुबई के एक होटल में ठहरे हुए हैं.
‘हमें युद्ध से बाहर निकालें’
इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए निखिल असावा ने सरकार से गुहार लगाते हुए कहा कि हम इंडियन एम्बेसी से यही अपील करते हैं कि भारत वापसी के लिए सड़क या जलमार्ग के अलावा किसी अन्य विक्लप की व्यवस्था करें, या फिर हमें युद्ध से बाहर निकालें. इस बीच पुणे की ट्रैवल एजेंसियों ने बताया है कि खाड़ी देश में घूमने जाने की यात्रा प्लान कर रहे ग्राहक अब चिंतित हैं. इससे न केवल खाड़ी देशों की यात्रा पर असर पड़ रहा है, बल्कि दुबई के रास्ते युरोप जाने वाले यात्रियों पर भी पड़ रहा है.
इस बीच रविवार (1 मार्च) को पुणे एयरपोर्ट की तरफ से संयुक्त अरब अमीरात जाने वाली और आने वाली तीन फ्लाइटों को रद्द किया गया. वहीं एनसीपी सांसद सुप्रिया सुले ने विदेश मंत्री एस जयशंकर से दुबई में फंसे पुणे के यात्रियों को तत्काल सुरक्षित वापस लाने के लिए मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की है.














